राजस्थान पंचायत चुनाव : प्रधान और पंच-सरपंच की आरक्षण लॉटरी दूसरी बार स्थगित, कलेक्टरों की मांग पर सरकार का फैसला


जयपुर : राजस्थान में पंचायती राज चुनाव की तैयारियों में जुटे उम्मीदवारों के लिए एक बड़ा अपडेट सामने आया है। राज्य सरकार ने आगामी पंचायत चुनाव को लेकर होने वाली जिला परिषद सदस्य, प्रधान, पंचायत समिति सदस्य, सरपंच और पंच के पदों की आरक्षण लॉटरी को एक बार फिर स्थगित कर दिया है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग द्वारा मंगलवार को जारी आदेश के अनुसार, 17 और 18 सितंबर को होने वाली इस लॉटरी प्रक्रिया को फिलहाल रोक दिया गया है।

कलेक्टरों की व्यस्तता बनी मुख्य वजह
विभाग के आदेश के मुताबिक, राज्य के कई जिला कलेक्टरों ने इस लॉटरी को आगे बढ़ाने की मांग की थी। दरअसल, इन्हीं तारीखों (17 और 18 सितंबर) पर राज्य में नगर निकाय चुनावों के तहत निकाय अध्यक्ष (चेयरमैन) और उपाध्यक्ष (वाइस चेयरमैन) के चुनाव की प्रशासनिक प्रक्रिया चल रही है। 
चूंकि पंचायत चुनाव की यह महत्वपूर्ण आरक्षण लॉटरी भी जिला कलेक्टर की निजी मौजूदगी में ही संपन्न होनी होती है, ऐसे में कलेक्टरों के लिए दोनों बड़े प्रशासनिक कार्यों को एक साथ संभालना व्यावहारिक रूप से मुश्किल हो रहा था। इसी कारण सरकार ने यह कदम उठाया है। 


निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद घोषित होंगी नई तारीखें
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अनुसार, शहरी निकाय चुनाव का कार्यक्रम पूरी तरह समाप्त होने के बाद पंचायत चुनाव की आरक्षण लॉटरी को दोबारा आयोजित करने पर विचार किया जाएगा। जल्द ही इसके लिए अगली नई तारीखों का ऐलान अधिकारिक रूप से कर दिया जाएगा। 

एक महीने में दूसरी बार टली लॉटरी
यह पहला मौका नहीं है जब पंचायत चुनाव की लॉटरी पर ब्रेक लगा है। इससे पहले 16 अगस्त को भी इसे करीब एक महीने के लिए टाल दिया गया था। तब 17 अगस्त को प्रधान व जिला परिषद सदस्यों की और 18 अगस्त को सरपंचों और वार्ड पंचों की लॉटरी निकाली जानी थी, जिसे बदलकर 17-18 सितंबर किया गया था। अब यह दूसरी बार है जब उम्मीदवारों को अपनी सीटों के आरक्षण के लिए और इंतजार करना होगा। 


एक नजर में : राजस्थान पंचायत चुनाव का पूरा गणित
इस बार प्रदेश में बड़े पैमाने पर ग्रामीण निकाय के चुनाव होने हैं, जिनकी कुल संख्या इस प्रकार है : 
  • जिला परिषद सदस्य : 1,403
  • पंचायत समिति प्रधान : 477
  • पंचायत समिति सदस्य : 8,245
  • सरपंच : 14,403
  • वार्ड पंच : 1,26,853

Post a Comment

और नया पुराने