सागवाड़ा। सागवाड़ा नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद के आगामी चुनाव को लेकर स्थानीय राजनीतिक गलियारों में हलचल बेहद तेज हो गई है। इसी क्रम में भाजपा अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा नगर मंडल सागवाड़ा ने मोर्चा खोलते हुए नगर पालिका उपाध्यक्ष पद पर आदिवासी समाज के व्यक्ति को आसीन करने की पुरजोर मांग उठाई है।
बुधवार को मोहनलाल भगोरा और रमेशचन्द्र खांट के संयुक्त नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और एसटी मोर्चा के पदाधिकारियों ने स्थानीय विधायक कार्यालय का रुख किया। कार्यकर्ताओं ने वहां मौजूद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और सागवाड़ा नगर पालिका क्षेत्र के भीतर जनजाति आदिवासी समाज की मजबूत भागीदारी तय करने के लिए एक मांग पत्र सौंपा।
इन दो चेहरों पर टिकीं समाज की निगाहें
संगठन और आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने वरिष्ठ नेताओं के सामने साफ तौर पर कहा कि भाजपा की टिकट पर जीतकर आए जनजाति वर्ग के पार्षदों को ही इस बार मौका दिया जाना चाहिए। इसके लिए कार्यकर्ताओं ने संगठन के समक्ष दो प्रमुख दावेदारों के नाम मजबूती से पेश किए हैं :
1. वार्ड संख्या 34 से भाजपा पार्षद मांगीलाल डामोर
2. वार्ड संख्या 1 से भाजपा पार्षद संगीता रोत
'हमारी समाज का उपाध्यक्ष बने' – कार्यकर्ताओं की विशेष मांग
विधायक कार्यालय में मौजूद वरिष्ठ नेताओं को सौंपे गए पत्र में कार्यकर्ताओं ने इसे समाज की 'विशेष मांग' बताया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि सागवाड़ा क्षेत्र में आदिवासी समाज का बड़ा प्रतिनिधित्व है, ऐसे में संगठन को कार्यकर्ताओं की भावना का सम्मान करते हुए मांगीलाल डामोर या संगीता रोत में से ही किसी एक नाम पर अंतिम मुहर लगानी चाहिए।
इस दौरान विधायक कार्यालय में बड़ी संख्या में भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता और एसटी मोर्चा के स्थानीय पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस मांग का एक सुर में पुरजोर समर्थन किया। अब सभी की नजरें भाजपा संगठन के आलाकमान पर टिकी हैं कि वे इस मांग पर क्या अंतिम फैसला लेते हैं।

एक टिप्पणी भेजें