सागवाड़ा | आगामी स्वतंत्रता दिवस 2026 के गरिमामय एवं भव्य आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। मंगलवार को पंचायत समिति सभागार सागवाड़ा में उपखंड अधिकारी सुबोध सिंह चारण की अध्यक्षता में एक विशेष पूर्व तैयारी बैठक संपन्न हुई, जिसमें समारोह को अनुशासित और सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में सागवाड़ा की तहसीलदार आस्थारानी बामणिया, ओबरी के तहसीलदार नीतीश पंचोली, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नरेंद्र भट्ट और थानाधिकारी मनीष खोईवाल सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्य व शिक्षक उपस्थित रहे। इस दौरान ध्वजारोहण, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मंच एवं ध्वनि व्यवस्था, पेयजल, साफ-सफाई, यातायात तथा चिकित्सा सुविधाओं जैसे प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
उपखंड अधिकारी सुबोध सिंह चारण ने स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय गौरव का पर्व बताते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और समयबद्ध तरीके से जिम्मेदारी निभाने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। विद्यालयों को भी गुणवत्तापूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तैयार करने के लिए निर्देशित किया गया है।
समारोह के तहत परेड का पूर्वाभ्यास 5 अगस्त 2026 से शुरू किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, समारोह में पुरस्कृत होने वाले पात्र व्यक्तियों और प्रतिभाओं के आवेदन 12 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे तक जमा कराए जा सकते हैं। बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों ने अपने विभागों की ओर से पूर्ण सहयोग और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का भरोसा दिलाया।


एक टिप्पणी भेजें