ड्यूटी से लौटते समय सड़क हादसे में RAC हेड कॉन्स्टेबल धुलसिंह चौहान का निधन : पैतृक गांव वरदा में राजकीय सम्मान के साथ किया अंतिम संस्कार


डूंगरपुर जिले के वरदा थाना क्षेत्र में रविवार रात आंतरी के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में 13वीं आरएसी बटालियन (जेल सुरक्षा उदयपुर) के हेड कॉन्स्टेबल धुलसिंह चौहान (55), उनके चचेरे भाई महिपाल सिंह (54) तथा दिनेश रोत की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।


जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8:30 बजे हेड कॉन्स्टेबल धुलसिंह चौहान जिला कारागार डूंगरपुर में ड्यूटी पूरी कर अपने चचेरे भाई महिपाल सिंह के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान आंतरी के पास पीछे से तेज रफ्तार और अनियंत्रित बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर धुलसिंह चौहान और दिनेश रोत को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि उपचार के दौरान महिपाल सिंह ने भी दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस संबंध में मृतक जवान के पुत्र दिग्विजय सिंह चौहान ने मामला दर्ज कराया है।


हेड कॉन्स्टेबल धुलसिंह चौहान ने राजस्थान सशस्त्र बल (RAC) में करीब 36 वर्षों तक निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं दी थीं। वे वर्तमान में 13वीं बटालियन आरएसी जेल सुरक्षा के तहत डूंगरपुर जिला कारागार में बाहरी सुरक्षा प्रभारी के रूप में तैनात थे।


जैसे ही उनके निधन की खबर पैतृक गांव वरदा पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। श्मशान घाट पर पुलिस की सशस्त्र टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों और जवानों ने पुष्पचक्र अर्पित कर नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
एक समर्पित पुलिस जवान की असामयिक मृत्यु से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे पुलिस महकमे और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक व्याप्त है।



Post a Comment

और नया पुराने