सागवाड़ा। भारत विकास परिषद् राजस्थान दक्षिण प्रांत की ओर से एनीमिया मुक्त भारत प्रकल्प के तहत मंगलवार को सागवाड़ा क्षेत्र के तीन विद्यालयों में एनीमिया जांच शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में कुल 515 छात्राओं के हीमोग्लोबिन की जांच की गई, जिसमें 428 छात्राओं का हीमोग्लोबिन 10 ग्राम से अधिक पाया गया।
शाखा अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला ने बताया कि राजकीय जनजाति बालिका आवासीय विद्यालय में 267 छात्राओं की जांच की गई। इनमें 4 छात्राओं का हीमोग्लोबिन 8 ग्राम से कम, 14 छात्राओं का 8 से 10 ग्राम तथा 249 छात्राओं का हीमोग्लोबिन 10 ग्राम से अधिक पाया गया। शिविर प्रभारी बलदेव सोमपुरा रहे।
इसी तरह पीएम श्री राजकीय महिपाल विद्यालय में 88 छात्राओं की जांच हुई। यहां 4 छात्राओं का हीमोग्लोबिन 8 ग्राम से कम, 10 छात्राओं का 8 से 10 ग्राम तथा 74 छात्राओं का 10 ग्राम से अधिक पाया गया। शिविर प्रभारी रमेश वैष्णव रहे।
राजकीय वाडेल बालिका विद्यालय में 160 छात्राएं शिविर से लाभान्वित हुईं। जांच में 3 छात्राओं का हीमोग्लोबिन 8 ग्राम से कम, 52 छात्राओं का 8 से 10 ग्राम तथा 105 छात्राओं का 10 ग्राम से अधिक पाया गया। शिविर प्रभारी दिनेश शर्मा रहे।
शाखा गतिविधि संयोजक सुषमा त्यागी ने बताया कि एनीमिया मुक्त भारत प्रकल्प के तहत नियमित रूप से जांच शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से किशोरियों को पोषण, एनीमिया से बचाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
शिविरों में चिकित्सा विभाग से संजय भोई, नरेश पंड्या और भावेश सेवक एलटी ने एनीमिया की जांच की। वहीं गोवर्धन शर्मा, अशोक भट्ट, अरविंद शर्मा, कुबेर लाल जोशी, मोहन लाल भट्ट सहित विद्यालयों के स्टाफ ने शिविरों के आयोजन में सहयोग किया।



एक टिप्पणी भेजें