सागवाड़ा | स्वामी विवेकानंद कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना रहा।
रैली को कॉलेज के संस्थापक हेमंत दादा पाठक, निदेशक सौरभ पाठक एवं प्राचार्य डॉ. दीपक पंड्या ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।
संस्थापक हेमंत दादा पाठक ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि इससे पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
प्राचार्य डॉ. दीपक पंड्या ने कहा कि नशा व्यक्ति की शारीरिक एवं मानसिक क्षमता को कमजोर करने के साथ उसके पारिवारिक और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। नशे के खिलाफ जागरूकता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला सामाजिक प्रयास होना चाहिए। विद्यार्थियों को इसका संदेश गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
पालिया फला में नुक्कड़ नाटक के जरिए किया जागरूक
NSS के अंतर्गत कॉलेज द्वारा गोद लिए गए गांव पालिया फला में भी विद्यार्थियों ने पहुंचकर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों ने गांव के चौराहे पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक हानियों का प्रभावी संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमुदाय ने नशा नहीं करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के अंत में NSS प्रभारी श्रीमती वंदना व्यास ने अतिथियों, विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं कॉलेज स्टाफ का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कॉलेज का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।



एक टिप्पणी भेजें