डूंगरपुर : स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिला स्तर पर प्रतिभाओं और उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का सम्मान



डूंगरपुर। स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर डूंगरपुर जिले में शिक्षा, खेल, प्रशासन, पुलिस, चिकित्सा, सामाजिक सेवा, स्वच्छता, कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वालों की सूची में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी, खेल प्रतिभाएं, सरकारी कर्मचारी, अधिकारी और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोग शामिल हैं। इनमें सड़क सुरक्षा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मतदाता जागरूकता और राष्ट्रभक्ति जैसे विषयों पर जनचेतना का कार्य करने वाली बाल कवयित्री किम भारतीय का नाम भी शामिल है। 


इसके अलावा क्रिकेट, बॉक्सिंग, किकबॉक्सिंग सहित खेलों में जिले का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। प्रशासनिक एवं राजकीय कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ स्वच्छता, चिकित्सा, कृषि, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
जिले की सूची में पुलिस विभाग के उन जवानों को भी शामिल किया गया है, जिन्होंने अपराधों के खुलासे, त्वरित कार्रवाई और लोगों की मदद में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। वहीं विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को समयबद्ध एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। सामाजिक सेवा के क्षेत्र में गौसेवा, जरूरतमंदों की सहायता, नि:शुल्क रक्तदान, पेयजल उपलब्ध कराने, पौधारोपण और पक्षियों के लिए परिंडे लगाने जैसे कार्य करने वाले समाजसेवियों को भी जिला स्तर पर सम्मान के लिए चुना गया है। वहीं ‘जान है तो जहान है’ सड़क सुरक्षा मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले मयंक उपाध्याय, पवन कुमार पंड्या और चिराग मेहता का नाम भी सम्मान सूची में शामिल है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होने वाला यह सम्मान समारोह जिले की उन प्रतिभाओं और कर्मठ लोगों को प्रोत्साहित करेगा, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर डूंगरपुर का गौरव बढ़ाया है।









Post a Comment

और नया पुराने