जयपुर/बीकानेर। राजस्थान में पंचायत आम चुनाव-2026 को लेकर महत्वपूर्ण प्रक्रिया शुरू हो गई है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने राज्य की 41 जिला परिषदों में जिला प्रमुख पदों के आरक्षण का श्रेणीवार आवंटन करने के लिए लॉटरी की तारीख घोषित कर दी है।
विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार 13 अगस्त 2026 को दोपहर 3:15 बजे जयपुर स्थित इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान, जवाहर लाल नेहरू मार्ग के सभागार में जिला प्रमुख पदों के आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी। यह लॉटरी राजस्थान पंचायती राज अधिनियम, 1994 एवं इसके तहत बनाए गए नियमों के अनुसार जिला प्रमुख पदों के आरक्षण के लिए आयोजित की जाएगी।
विभाग ने राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष/महासचिव को पत्र भेजकर लॉटरी की प्रक्रिया की जानकारी दी है। पत्र में बताया गया है कि यदि कांग्रेस पार्टी का कोई प्रतिनिधि इस अवसर पर उपस्थित होना चाहता है, तो वह निर्धारित समय एवं स्थान पर पहुंचकर लॉटरी प्रक्रिया में शामिल हो सकता है।
यह भी पढ़ें : केंद्र का बड़ा फैसला : मानगढ़ धाम नहीं बनेगा राष्ट्रीय स्मारक ; आधुनिक निर्माण बना रोड़ा, सियासी घमासान तेज
13 अगस्त के बाद साफ होगी तस्वीर
13 अगस्त को होने वाली लॉटरी के बाद प्रदेश की 41 जिला परिषदों में जिला प्रमुख पद किस श्रेणी के लिए आरक्षित होंगे, इसकी तस्वीर साफ हो जाएगी। आरक्षण की स्थिति सामने आने के बाद आगामी पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। विशेष रूप से जिला प्रमुख पद के संभावित दावेदारों और विभिन्न राजनीतिक दलों के स्थानीय नेताओं की नजर अब 13 अगस्त की आरक्षण लॉटरी पर टिकी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें