डूंगरपुर में 9 सितंबर और सागवाड़ा में 11 सितंबर को मतदान, 14 सितंबर को आएंगे नतीजे


डूंगरपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनावों का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने बुधवार शाम 4 बजे चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए प्रदेश की 309 नगरीय निकायों में दो चरणों में मतदान कराने का ऐलान किया है। पहले चरण में 9 सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर को मतदान होगा, जबकि 14 सितंबर को मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

डूंगरपुर जिले में भी नगर निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। डूंगरपुर नगर परिषद के 40 वार्डों में पहले चरण के तहत 9 सितंबर को मतदान कराया जाएगा। वहीं सागवाड़ा नगर पालिका के 35 वार्डों में दूसरे चरण में 11 सितंबर को वोटिंग होगी। दोनों निकायों के चुनाव परिणाम 14 सितंबर को सामने आएंगे।


डूंगरपुर में 9 सितंबर, सागवाड़ा में 11 सितंबर को मतदान
जिले के दोनों प्रमुख नगरीय निकायों में मतदान की तारीख अलग-अलग रखी गई है।
- डूंगरपुर नगर परिषद — 9 सितंबर 2026
- सागवाड़ा नगर पालिका — 11 सितंबर 2026
- मतगणना एवं परिणाम — 14 सितंबर 2026

डूंगरपुर नगर परिषद में कुल 40 वार्ड, जबकि सागवाड़ा नगर पालिका में 35 वार्ड हैं। हाल ही में दोनों निकायों के वार्डों का आरक्षण भी तय किया गया है। अब मतदान की तारीख घोषित होने के साथ ही चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।


21 सितंबर को सभापति और अध्यक्ष का चुनाव
पार्षदों के चुनाव के बाद नगर निकायों के प्रमुख पदों के लिए चुनाव होगा। 21 सितंबर को डूंगरपुर नगर परिषद के सभापति और सागवाड़ा नगर पालिका के अध्यक्ष का चुनाव कराया जाएगा। इसके अगले दिन 22 सितंबर को डूंगरपुर नगर परिषद के उपसभापति और सागवाड़ा नगर पालिका के उपाध्यक्ष का चुनाव होगा।
पार्षदों का चुनाव सीधे जनता के मतदान से होगा, जबकि सभापति, अध्यक्ष, उपसभापति और उपाध्यक्ष का चुनाव निर्वाचित पार्षदों द्वारा मतदान के माध्यम से किया जाएगा।

पहली बार एक साथ हो रहे नगरीय निकाय चुनाव
राज्य में पहली बार सभी नगरीय निकायों के चुनाव एक साथ कराए जा रहे हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद अब डूंगरपुर और सागवाड़ा में भी राजनीतिक गतिविधियां तेज होंगी। वार्ड आरक्षण के बाद संभावित प्रत्याशियों की स्थिति पहले ही काफी हद तक स्पष्ट हो चुकी है और अब मतदान की तारीख सामने आने के साथ चुनावी तैयारियां और तेज होने की उम्मीद है।



Post a Comment

और नया पुराने