आदिवासी अंचल को बड़ी सौगात : पंजाब नेशनल बैंक के डायरेक्टर बने पूर्व राज्यमंत्री सुशील कटारा


राजस्थान सरकार के पूर्व राज्यमंत्री और भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री श्री सुशील कटारा को पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में तीन वर्ष के लिए गैर-सरकारी (अंशकालिक) डायरेक्टर मनोनीत किया गया है। वित्त मंत्रालय (भारत सरकार) के अवर सचिव द्वारा 9 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई थी।

शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
इस बड़ी सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री कटारा ने इस मनोनयन को आदिवासी क्षेत्र के लिए एक बड़ा सम्मान बताया। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री, केंद्रीय वित्त मंत्री, वित्त राज्यमंत्री श्री पंकज चौधरी, राजस्थान के मुख्यमंत्री और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व वित्त मंत्री सहित केंद्रीय व राज्य नेतृत्व का राजस्थान की जनता की ओर से आभार जताया।


छोटे शहरों में खुलेगी पीएनबी की शाखाएं
नवनियुक्त डायरेक्टर श्री सुशील कटारा ने अपने विजन को साझा करते हुए कहा कि वे आमजन की भावनाओं के अनुरूप बैंकिंग व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और बेहतर बनाने का काम करेंगे। उन्होंने विशेष रूप से जोर देकर कहा कि ग्रामीण व अर्ध-शहरी क्षेत्रों के विकास के लिए छोटे शहरों में भी पंजाब नेशनल बैंक की नई शाखाएं खोलने के प्रयास प्राथमिकता से किए जाएंगे।


उदयपुर में हुआ भव्य स्वागत, दिल्ली बैठक के लिए होंगे रवाना
मनोनयन की जानकारी सामने आने के बाद पंजाब नेशनल बैंक के उदयपुर मंडल के एजीएम श्री दुर्गेश कुमार ने श्री कटारा का स्वागत और अभिनंदन किया। उनके निजी सचिव द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, श्री कटारा गुरुवार (15 अक्टूबर 2026) को दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जहां वे 16 अक्टूबर 2026 को पीएनबी के दिल्ली स्थित मुख्यालय पर आयोजित होने वाली बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेंगे।

Post a Comment

और नया पुराने