डूंगरपुर पुलिस लाइन में बीती रात अनुशासन को शर्मसार करने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां एक कॉन्स्टेबल ने आपसी विवाद के चलते अपने ही साथी कॉन्स्टेबल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में कॉन्स्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल कॉन्स्टेबल की पहचान कपिल के रूप में हुई है, जो वर्तमान में भारत आदिवासी पार्टी (बाप) के सांसद राजकुमार रोत के सुरक्षाकर्मी (गनमैन) के रूप में तैनात हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल कॉन्स्टेबल कपिल और आरोपी कॉन्स्टेबल कांतिलाल पुलिस लाइन परिसर की एक ही बिल्डिंग में ऊपर-नीचे के क्वार्टर्स में रहते हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी कांतिलाल अक्सर शराब के नशे में कपिल और उनके परिवार के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करता था। घटना की रात भी कांतिलाल ने अत्यधिक शराब के नशे में अपनी पत्नी और साली के साथ विवाद करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी थी। परेशान होकर कांतिलाल की पत्नी ने इस बात की सूचना कपिल को दी।
पारिवारिक कलह और विवाद की सूचना मिलने पर कपिल रात करीब 12 बजे अपने निर्माणाधीन मकान से पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर पहुंचे। कपिल जैसे ही वहां पहुंचे, पहले से ही तैश में आए आरोपी कांतिलाल ने अचानक अपने क्वार्टर का दरवाजा खोला और कपिल पर चाकू से हमला बोल दिया। हमले में गंभीर रूप से जख्मी हुए कपिल को तुरंत डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।
वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। कोतवाली थाने के एएसआई विपिन कुमार ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस विभाग के भीतर ही सुरक्षाकर्मी पर हुए इस हमले ने पुलिस लाइन की सुरक्षा और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एक टिप्पणी भेजें