चितरी। गलियाकोट ब्लॉक के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (चितरी नवीन) परिसर में आज उस समय माहौल बेहद भावुक हो उठा, जब विद्यालय परिवार की ओर से अपने लोकप्रिय प्रधानाचार्य प्रशांत शर्मा को एक गरिमापूर्ण समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। प्रधानाचार्य प्रशांत शर्मा का चयन ब्लॉक शिक्षा कार्यालय सागवाड़ा में अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी द्वितीय (ACBEO II) के पद पर प्रतिनियुक्ति के तहत होने के कारण इस विदाई समारोह का आयोजन किया गया था। इस दौरान स्कूल के विकास में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद कर हर आंख नम नजर आई।
विदाई समारोह के दौरान विद्यालय के सफर को याद किया गया कि किस तरह 11 जुलाई 2020 को प्रशांत शर्मा ने इस विद्यालय में प्रधानाचार्य के रूप में कार्यभार संभाला था। उनके कुशल नेतृत्व का ही परिणाम रहा कि यह संस्थान राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय (राउप्रावि) के स्तर से उठकर अपने वर्तमान भव्य स्वरूप तक पहुंच सका। उनके कार्यकाल के दौरान ग्राम पंचायत के माध्यम से विद्यालय के लिए 10 बीघा जमीन का ऐतिहासिक आवंटन करवाया गया। इसके साथ ही, भामाशाहों के अनुकरणीय सहयोग से नए परिसर का समतलीकरण कार्य संपन्न हुआ।
शर्मा के दूरदर्शी प्रयासों के चलते विभिन्न राजकीय मदों और जनसहयोग की योजनाओं के माध्यम से विद्यालय में 13 नए आधुनिक कक्षा-कक्षों का निर्माण संभव हो पाया। बुनियादी ढांचे के साथ-साथ उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया, जिसके चलते विद्यालय ने लगातार उत्कृष्ट बोर्ड और स्थानीय परीक्षा परिणाम दिए। इसके अलावा, खेलकूद और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी यहां के विद्यार्थियों ने ब्लॉक व जिला स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बनाई।
संस्थान को नए आयाम देने वाले अपने मार्गदर्शक को विदा करते समय स्कूल के ऊर्जावान स्टाफ और प्यारे बच्चों की आंखें छलक आईं। इस अश्रुपूर्ण और आत्मीय विदाई के अवसर पर प्रधानाचार्य प्रशांत शर्मा ने भी अपनी भावनाओं को व्यक्त किया। उन्होंने इस संपूर्ण विकास यात्रा और उपलब्धियों का पूरा श्रेय स्कूल के समर्पित व ऊर्जावान स्टाफ और बहुमुखी प्रतिभा के धनी छात्र-छात्राओं को दिया। अंत में विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन की कामना करते हुए उन्हें विदा किया।
वीडियो देखे :


एक टिप्पणी भेजें