सागवाड़ा नगर पालिका चुनाव : BAP की बड़ी बैठक, सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारने का ऐलान; राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रोत ने कांग्रेस-भाजपा पर साधा निशाना
सागवाड़ा। आगामी सागवाड़ा नगर पालिका चुनाव को लेकर भारत आदिवासी पार्टी (BAP) की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रोत की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में चुनावी रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से मंथन किया गया। बैठक में 17 से 18 वार्डों के प्रमुख कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रोत ने कांग्रेस और भाजपा दोनों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि पूर्व के कार्यकालों में दोनों दलों के राज में बंदरबांट और जमीनों की लूट मची, जिससे सागवाड़ा की जनता को भारी नुकसान उठाना पड़ा। उन्होंने कहा कि सागवाड़ा एक शांत कस्बा रहा है, लेकिन वर्तमान कुशासन और भ्रष्टाचार के कारण पूरी सड़कें खोद दी गईं जो आज तक व्यवस्थित नहीं हो सकी हैं। जनता इस कुशासन से त्रस्त होकर अब बदलाव चाहती है। उन्होंने जनता से BAP को नगर पालिका बोर्ड बनाने का मौका देने की अपील करते हुए एक सुव्यवस्थित और पारदर्शी शासन देने का भरोसा दिलाया।
वहीं नगर अध्यक्ष अनिल मकवाना ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि भारत आदिवासी पार्टी के दरवाजे सर्व समाज के लिए हमेशा खुले हैं। उन्होंने ऐलान किया कि पार्टी सागवाड़ा नगर पालिका की सभी सीटों और वार्डों पर पूरी मजबूती के साथ अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारेगी।
इस बैठक में प्रदेश प्रभारी दिग्विजय सिंह चुण्डावत, BAP जिलाध्यक्ष अनुतोष रोत, मुकेश कलासुआ, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश कटारा, जिला उपाध्यक्ष यूनुस भाई, संभाग प्रभारी शाहरुख शेख, हेमंत डामोर और विष्णु सोवारा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही पूर्व पार्षद सुखलाल अहारी, नीलेश अहारी, शैलेश कटारा, अनिल भागरिया, जैनी भाई कटारा, पंकज अहारी, अजय अहारी, राकेश अहारी, दीवू भाई, राजू, ईश्वर सहित विभिन्न वार्डों के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें