जयपुर। डीएवी संस्थानों की बहुप्रतीक्षित डीएवी जोनल खेल प्रतियोगिताओं का आगाज आज गुलाबी नगरी में जबरदस्त उत्साह और उमंग के साथ हुआ। प्रतियोगिता के पहले ही दिन खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिसमें डीएवी जयपुर ने अपना दबदबा कायम रखा।
आज आयोजित हुई फुटबॉल स्पर्धा में डीएवी जयपुर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 और अंडर-19 बालक वर्ग के मुकाबलों में अजमेर की टीम को मात देकर जीत दर्ज की। वहीं, बौद्धिक और शारीरिक दक्षता के खेलों में भी जयपुर का दबदबा बना रहा, जहाँ अंडर-19 बालिका वर्ग योगा और चेस (शतरंज) में जयपुर की टीम विजयी रही। इसके साथ ही हनुमानगढ़ की टीम ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए अंडर-14 बालक वर्ग चेस और अंडर-17 बालिका वर्ग योगा में विजेता का खिताब अपने नाम किया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य राजन गौतम ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने खेल मैदान पर पहुँचकर सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उद्घाटन समारोह में विभिन्न डीएवी विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। विद्यार्थियों द्वारा दी गई रंगारंग प्रस्तुतियों और भव्य मार्च पास्ट ने कार्यक्रम में समां बांध दिया, जिससे पूरा खेल मैदान खिलाड़ियों के जोश से गूंज उठा।
यह भी पढ़ें : डेढ़ करोड़ की पैतृक संपत्ति सांवलिया सेठ को दान : डूंगरपुर के किसान अमरजी गौतम ने 10 साल की जद्दोजहद के बाद निभाया संकल्प
इस अवसर पर अपने प्रेरणादायी संबोधन में प्राचार्य राजन गौतम ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करने का सबसे सशक्त जरिया हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों से खेल भावना, निष्पक्षता और पूर्ण समर्पण के साथ खेलने का आह्वान करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह के समापन पर सभी आमंत्रित अतिथियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया गया। आगामी दिनों में विभिन्न खेल विधाओं में ये प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी, जिनमें डीएवी के होनहार खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
रिपोर्ट : साबिर कुरैशी, जयपुर


एक टिप्पणी भेजें