सागवाड़ा : महिपाल स्कूल के प्रधानाचार्य वेलचंद पाटीदार हुए सेवानिवृत्त, 36 वर्षों की गौरवमयी सेवा का समापन


सागवाड़ा : पीएम श्री महिपाल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सागवाड़ा में शुक्रवार को प्रधानाचार्य वेलचंद पाटीदार का सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय माहौल में विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। शिक्षा जगत में 36 वर्ष और 6 माह की अपनी गौरवमयी सेवा यात्रा पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए प्रधानाचार्य पाटीदार का विद्यालय के विद्यार्थियों, एसडीएमसी, पीटीएम सदस्यों और समस्त विद्यालय स्टाफ द्वारा उपरना ओढ़ाकर, साफा पहनाकर एवं पुष्पमालाओं से भावभीना स्वागत व सम्मान किया गया। छात्र-छात्राओं ने भी परंपरागत रूप से तिलक लगाकर अपने प्रिय गुरुजन का अभिनंदन किया।



वंदे मातरम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुंजायमान हुआ परिसर
समारोह का औपचारिक शुभारंभ राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' के साथ हुआ। कार्यक्रम का कुशल संचालन एवं परिचय मुकेश भावसार ने दिया। इस दौरान शिक्षक उपेंद्र भट्ट ने मधुर गीत की प्रस्तुति देकर माहौल को भावुक कर दिया, वहीं महिपाल स्कूल की छात्राओं ने मनमोहक स्वागत गीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक नृत्यों की सुंदर प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह की तालियां बटोरीं।



36 वर्षों के स्वर्णिम राजकीय सफर का वाचन
कार्यक्रम के दौरान अरविंद पंचाल ने अभिनंदन पत्र का वाचन किया, जिसके बाद समस्त शिक्षक वृंद द्वारा वेलचंद पाटीदार को अभिनंदन पत्र भेंट किया गया। अभिनंदन पत्र में उनके 30 जनवरी 1991 से 31 जुलाई 2026 तक के राजकीय सेवा काल का उल्लेख करते हुए बताया गया कि उन्होंने वरिष्ठ अध्यापक (विज्ञान) के रूप में रा.उ.मा.वि. मेवाड़ा से अपने करियर की शुरुआत की थी, जो दीवड़ा बड़ा तक जारी रही। इसके पश्चात 8 दिसंबर 1992 को RPSC से प्राध्यापक (जीव विज्ञान) के रूप में चयनित होकर रा.उ.मा.वि. आसपुर तथा सीमलवाड़ा में सेवाएं दीं। 23 जून 2003 से उन्होंने महिपाल सागवाड़ा में प्राध्यापक (जीव विज्ञान) के रूप में 24 वर्ष 5 माह का लंबा समय व्यतीत किया। 4 जून 2018 को प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नत होकर वे रा.उ.मा.वि. करियाणा में पदस्थापित हुए और 2 अक्टूबर 2019 से पुनः महिपाल सागवाड़ा में प्रधानाचार्य का कार्यभार संभालते हुए यहीं से सेवानिवृत्त हुए। एम.एससी. (MLSU उदयपुर) के दौरान वे इंडियन बोटेनिकल सोसाइटी के महासचिव भी रहे।



वक्ताओं ने सराहा पाटीदार सर का योगदान
समारोह को संबोधित करते हुए डिप्टी डायरेक्टर एवं पूर्व CDEO हेमेंद्र उपाध्याय तथा CBEO नरेंद्र भट्ट सहित अन्य वरिष्ठ शिक्षाविदों ने वेलचंद पाटीदार के व्यक्तित्व, अनुशासन और शिक्षा क्षेत्र में दिए गए अतुलनीय योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि पाटीदार सर का मार्गदर्शन और कार्यशैली विद्यालय परिवार के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।


गणमान्य नागरिकों एवं सर्व समाज की गरिमामयी उपस्थिति
समारोह की अध्यक्षता उमाकांत व्यास ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में स्वयं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य वेलचंद पाटीदार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में सीबीईओ नरेंद्र भट्ट, पूर्व सीडीईओ हेमेंद्र उपाध्याय, धूलजी पाटीदार, श्रीमती आशा पाटीदार, देवशंकर सुथार, विश्वनाथ पंड्या, कुबेरलाल जोशी, नानूलाल मोड़पटेल, केशव बारौठ, देवीलाल पाटीदार, लक्ष्मीकांत जोशी एवं प्रकाश खटीक शामिल रहे। इसके अलावा विद्यालय की एसडीएमसी व पीटीएम के सदस्य धुलजी दादा, इकबाल लखारा, शेख राजू भाई बर्तन वाला, महिपाल डामोर, शाकिर बेग, तहसीन रजा, शिवराम मोची, देवेंद्र भट्ट, दिलीप कलाल सहित सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य का परिवार, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं सर्व समाज के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




Post a Comment

और नया पुराने