सीमलवाड़ा/कुँआ। चौरासी विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिल कटारा ने क्षेत्र के नाना भाई खांट राजकीय जनजाति बालक छात्रावास, कुँआ का औचक निरीक्षण किया। विधायक के अचानक छात्रावास पहुंचने से वहां मौजूद स्टाफ और व्यवस्थापकों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास की व्यवस्थाओं को परखते हुए जब विधायक ने रसोई और भंडार गृह का जायजा लिया, तो वहां भारी अनियमितताएं सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास में विद्यार्थियों के भोजन के लिए उपलब्ध गेहूँ एवं चावल की गुणवत्ता अत्यंत निम्न स्तर की पाई गई। खाद्यान्न की जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में कंकड़ तथा छोटे-छोटे जीव (इल्ली व कीड़े) रेंगते हुए मिले। विद्यार्थियों को परोसे जाने वाले इस दूषित अनाज को देखकर विधायक अनिल कटारा ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और कहा कि इस तरह का दूषित और मिलावटी खाद्यान्न विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के साथ सीधे तौर पर खिलवाड़ है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक ने इस गंभीर लापरवाही को लेकर संबंधित उच्च अधिकारियों से अनुरोध किया कि उक्त घटिया खाद्यान्न की तत्काल प्रभाव से जांच करवाई जाए। उन्होंने भंडार गृह में पड़े अनुपयोगी और दूषित अनाज को तुरंत वहां से हटाने तथा सरकार द्वारा निर्धारित उच्च मापदंडों के अनुसार विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ, शुद्ध एवं उत्तम गुणवत्ता का खाद्यान्न उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य से समझौता करने वाले संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त से सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें