सागवाड़ा। नगर पालिका चुनाव को लेकर जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा ने विपक्ष के हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। विधायक ने एक विस्तृत बयान जारी कर विपक्ष के आरोपों को अवसरवादी और भ्रामक राजनीति करार दिया।
डेचा ने नगर पालिका अध्यक्ष पद को लेकर उठाए गए सवालों पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी में निर्णय किसी व्यक्ति विशेष या परिवारवाद के आधार पर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की सहमति और संगठनात्मक विमर्श के आधार पर लिए जाते हैं।
परिवारवाद को लेकर कांग्रेस पर निशाना
विधायक ने सवाल उठाया कि क्या सागवाड़ा के किसी सामान्य, निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता को नगर पालिका अध्यक्ष बनने का अधिकार नहीं है। उन्होंने विपक्ष से पूछा कि पिछले कार्यकाल में जब अध्यक्ष पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित था, तब कांग्रेस ने अपने परिवार से जुड़े व्यक्ति को पद पर क्यों बैठाया।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या उस समय कांग्रेस में कोई अन्य योग्य कार्यकर्ता या जनसेवक उपलब्ध नहीं था और क्या निर्वाचित पार्षदों की राय और स्वाभिमान का सम्मान किया गया था।
डेचा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में जिला अध्यक्ष और नगर अध्यक्ष के परिवार से जुड़े लोगों के अलावा सामान्य कार्यकर्ता के लिए उच्च पदों तक पहुंचने की संभावना सीमित रही है। उन्होंने कहा कि इस बार भी पार्षद बने बिना ही एक व्यक्ति को अध्यक्ष पद का चेहरा घोषित किया जाना विपक्ष की कथित "पोटली" वाली राजनीति को दर्शाता है।
यह भी पढ़ें : सागवाड़ा नगरपालिका चुनाव 2026 : 35 वार्डों के सभी प्रत्याशियों की सूची जारी, भाजपा, कांग्रेस और बीएपी में सीधा मुकाबला
सीवरेज और सड़कों के मुद्दे पर भी घेरा
विधायक ने पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सागवाड़ा में सीवरेज योजना के दौरान हुई खुदाई और निर्माण कार्यों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अविवेकपूर्ण खुदाई और निर्माण की वजह से शहर की आधारभूत संरचना प्रभावित हुई तथा लंबे समय तक आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
डेचा के अनुसार, भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण को प्राथमिकता दी गई और आमजन को राहत पहुंचाने के लिए कार्य शुरू किए गए।
भ्रष्टाचार के आरोपों पर दी सफाई
विपक्ष के "पोटली" संबंधी बयान पर विधायक ने कहा कि उनका राजनीतिक जीवन जनसेवा, ईमानदारी और नैतिक सिद्धांतों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि उन्हें न तो खरीदा जा सकता है और न ही किसी प्रलोभन या दबाव के आगे झुकाया जा सकता है। उन्होंने भाजपा की टिकट वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी और संगठनात्मक निष्ठा पर आधारित बताते हुए कहा कि इसका जवाब जनता स्वयं देगी।
सामाजिक सौहार्द और विकास पर जोर
विधायक ने विपक्ष पर समाजों के बीच वैमनस्य पैदा करने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए पूर्व में विभिन्न समाजों को भूखंड देने के वादों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा सभी समाजों के सामुदायिक भवनों और डोम निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य "सबका साथ, सबका विकास" की भावना के साथ सागवाड़ा का समावेशी विकास करना है।
पारदर्शी नगर पालिका का संकल्प
शंकरलाल डेचा ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक पार्षद बिना भय, दबाव या भेदभाव के अपने वार्ड की जनता की आवाज बनेगा। उन्होंने ऐसी नगर पालिका स्थापित करने का संकल्प जताया जो जन-आकांक्षाओं के प्रति जवाबदेह हो, निर्वाचित पार्षदों की लोकतांत्रिक गरिमा का सम्मान करे और सभी समाजों को समान सम्मान व प्रतिनिधित्व दे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखना भाजपा की प्राथमिकता होगी।
जनता से किया लोकतांत्रिक व्यवस्था चुनने का आह्वान
अपने बयान के अंत में विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में स्वस्थ आलोचना का हमेशा स्वागत होना चाहिए और कमियों को उजागर करने वाले सुझावों से व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने सागवाड़ा की जनता से अपील करते हुए कहा कि अब फैसला जनता के हाथों में है कि वह व्यक्तिवादी एवं परिवारवादी व्यवस्था चाहती है या लोकतांत्रिक, पारदर्शी और विकासोन्मुख व्यवस्था।
विधायक ने भाजपा के चार प्रमुख संकल्प लोकतंत्र, पारदर्शिता, समावेशी विकास और सागवाड़ा के स्वाभिमान को जनता के सामने रखा।

एक टिप्पणी भेजें