सागवाड़ा। क्षेत्र में बढ़ते सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित जन-जागरूकता अभियान "जान है तो जहान है" ने एक नया मुकाम हासिल कर लिया है। अभियान की शुरुआत के सफलतापूर्वक 6 माह पूरे होने पर इसका कारवां आज दिवड़ा बड़ा ग्राम पंचायत के वांदरवेंड स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर पहुंचा। यहाँ सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान के तहत दीप होंडा सर्विस पॉइंट के तत्वावधान में एक विशेष रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया।
यातायात नियमों की अनदेखी पर वक्ताओं ने जताई चिंता, सुरक्षा की दी सीख
रात्रि चौपाल के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए अभियान के सूत्रधार चिराग मेहता, पवन पंड्या, कवि पंडित मयंक मीत और छत्रपाल छत्र शिवाजी सहित अन्य वक्ताओं ने यातायात नियमों की बारीकियों से अवगत कराया। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि दो पहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें और फोर-व्हीलर चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य बांधें। वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतनी होगी, मुड़ने या आगे-पीछे देखते समय पूरी सतर्कता रखें ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
सुरक्षा कवच के रूप में ग्रामीणों को बांटे गए 12 हेलमेट
सड़क सुरक्षा के इस पुनीत कार्य को धरातल पर उतारने के लिए चौपाल में मौजूद ग्रामीणों को सुरक्षा कवच भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा की मुहिम के तहत 2 महिलाओं सहित कुल 12 लोगों को हेलमेट का निःशुल्क वितरण किया गया।
मुहिम को मिला ग्रामीणों का भारी समर्थन, सबने लिया नियम पालन का संकल्प
इस विशेष चौपाल के दौरान वांदरवेंड के शिवराम पाटीदार और हेमन्त व्यास सहित बड़ी संख्या में गांव के महिला व पुरुष उपस्थित रहे। सभी ग्रामीणों ने एक सुर में यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें : ओबरी में "जान है तो जहान है" अभियान का भव्य आयोजन, ग्रामीणों को सिखाए सड़क सुरक्षा के गुर
यह भी पढ़ें : चितरी में नवनियुक्त थानाधिकारी रमेश मीणा का सर्व समाज ने किया भव्य स्वागत, शांति और कानून व्यवस्था को लेकर जताया भरोसा


एक टिप्पणी भेजें