सागवाड़ा नगर पालिका चुनाव के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी ने अपने प्रचार अभियान को बेहद आक्रामक गति देते हुए सभी 35 वार्डों में चुनावी सरगर्मी तेज कर दी है। सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने विभिन्न वार्डों में सघन जनसंपर्क अभियानों के साथ कई प्रमुख चुनावी कार्यालयों का उद्घाटन किया और नुक्कड़ सभाओं का दौर शुरू किया।
यह भी पढ़ें : सागवाड़ा नगरपालिका चुनाव 2026 : 35 वार्डों के सभी प्रत्याशियों की सूची जारी, भाजपा, कांग्रेस और बीएपी में सीधा मुकाबला
चुनावी रणनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माने जा रहे वार्ड संख्या 5, जो कि ओबीसी महिला आरक्षित होने के कारण चेयरमैन पद की दौड़ में खासी महत्वपूर्ण 'हॉट सीट' है, वहां भाजपा प्रत्याशी कोकिलाबेन रमेश कलाल के कार्यालय का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र में सियासी समीकरण बदलते हुए कांग्रेस छोड़कर आए जयश्री पंड्या और मनोहर पटेल ने औपचारिक रूप से भाजपा का दामन थाम लिया और कोकिलाबेन को जिताने का पूरा भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. महेशचंद्र शुक्ला ने किया तथा आभार अजय डामोर द्वारा व्यक्त किया गया। इस दौरान वार्ड प्रभारी एवं पूर्व उप प्रधान नरेंद्र पंड्या, कांति लाल डामोर, यशवंत गवारिया, लक्ष्मी कटारा, प्रदीप गामोठ और बंसीलाल कलाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा, वार्ड संख्या 21 से भाजपा प्रत्याशी रेखा भोई और वार्ड संख्या 19 (दर्जी मोहल्ला) से प्रत्याशी निर्मला नानालाल दर्जी के कार्यालयों का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। दर्जी मोहल्ले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में दर्जी समाज, निमा समाज और सर्वसमाज के लोगों ने शिरकत की। विधायक शंकरलाल डेचा और उपस्थित नेताओं का माला व पगड़ी पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। वार्डवासियों ने आश्वस्त किया कि वे पूरी एकजुटता के साथ भाजपा उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे। इस दौरान नारायण लाल दर्जी, प्रदीप गामोठ, कांति लाल डामोर और यशवंत गवारिया की विशेष उपस्थिति रही, जबकि वार्ड 19 की बैठक में वार्ड 11 की भाजपा प्रत्याशी श्रद्धा नीरज पंचाल के पक्ष में भी प्रचार किया गया।
यह भी पढ़ें : सागवाड़ा : वार्ड नंबर 16 में भारत आदिवासी पार्टी की दया मकवाना की दावेदारी, निर्विरोध जिताने का सामूहिक फैसला
अभियान के अगले चरण में वार्ड संख्या 24 और वार्ड संख्या 13 में भी चुनावी कार्यालयों का शुभारंभ किया गया। सिंधी कॉलोनी स्थित वार्ड 24 के भाजपा प्रत्याशी रमीज राजा के कार्यालय का उद्घाटन विधायक डेचा के करकमलों द्वारा हुआ, जहां बोहरा समाज, बांसड़ समाज, हरिजन समाज और मुस्लिम समाज के लोगों ने भारी संख्या में पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। बांसड़ समाज के दो बार के पार्षद रहे शिवा भाई बांसड़ और पूर्व पार्षद नंदू भाई सिंधी ने भाजपा प्रत्याशी को जिताने का पुरजोर भरोसा दिलाया। वहीं, इससे पूर्व वार्ड 13 (सलाटवाड़ा) में भाजपा प्रत्याशी पंकज सोमपुरा के कार्यालय का उद्घाटन किया गया, जिसमें सोमपुरा समाज के पूर्व प्रतिपक्ष नेता हरीश सोमपुरा, अनिल सुथार और क्षेत्र के तमाम कार्यकर्ता शामिल हुए।
सभी उद्घाटन समारोहों को संबोधित करते हुए विधायक शंकरलाल डेचा ने अपार जनसमूह का आभार व्यक्त किया और कहा कि सागवाड़ा नगर पालिका क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि राज्य और केंद्र सरकार के पूर्ण सहयोग से शहर में विकास कार्यों की गति को और तेज किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें