गेमन पुल पर बड़ा हादसा टला : नदी की ओर हवा में झूला बेकाबू ट्रक
राजस्थान के बांसवाड़ा में रतलाम रोड स्थित गेमन पुल पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। माही नदी पर बने इस प्रमुख पुल की सुरक्षा दीवार को तोड़ते हुए चाय पत्ती से भरा एक अनियंत्रित ट्रक हवा में लटक गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, जिससे पुलिस और राहगीरों ने राहत की सांस ली।
ड्राइवर को आई नींद की झपकी : सुरक्षा दीवार और रेलिंग तोड़कर लटका वाहन
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाकों में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर राहगीरों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पाकर आबापूरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पाड़ला चौकी प्रभारी एएसआई इंद्रजीत सिंह ने बताया कि ट्रक रतलाम की ओर से बांसवाड़ा आ रहा था। मंगलवार सुबह ड्राइवर को अचानक नींद की झपकी आ जाने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिसके बाद ट्रक पुलिया पर बने सीमेंटेड बैरिकेड्स और लोहे की रेलिंग को ध्वस्त करते हुए नदी की ओर हवा में झूल गया।
यह भी पढ़ें : तालाब में नहाते समय 6 डूबे, 4 भाई-बहनों की मौत : परिवार में अब केवल माता-पिता बचे, छुट्टियों के लिए आई भांजी भी हादसे का शिकार
हादसे के बाद ड्राइवर फरार : पुल पर थमा यातायात, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। आबापूरा थानाधिकारी निर्भय सिंह के अनुसार ट्रक में चाय पत्ती लदी हुई थी। हादसे की वजह से गेमन पुल पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। पुलिस प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए पुल पर ट्रैफिक को नियंत्रित किया और सुरक्षा व्यवस्था कायम की।
क्रेन से ट्रक निकालने की कवायद जारी: मौके पर पुलिस जाब्ता तैनात
फिलहाल मौके पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है। हवा में लटके ट्रक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली जा रही है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें