मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने विपक्षी नेताओं और BAP पर साधा निशाना : मानगढ़ धाम विकास और चुनावों पर कही बड़ी बात


सागवाड़ा | स्थानीय निकाय और पंचायत चुनाव की सुगबुगाहट के बीच जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने मानगढ़ धाम के विकास और विपक्षी राजनीति पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही नगर निकायों और पंचायती राज संस्थाओं में अपना बोर्ड बनाएगी, क्योंकि सरकार ने युवाओं, किसानों और महिलाओं के हित में ऐतिहासिक काम किए हैं।

मानगढ़ धाम में ऐतिहासिक योगदान
मानगढ़ धाम के ऐतिहासिक महत्व पर बात करते हुए मंत्री खराड़ी ने बताया कि 1500 से अधिक आदिवासी क्रांतिकारियों और देशभक्तों ने गोविंद गुरु के नेतृत्व में अपने प्राणों की आहुति दी थी। 1994 से पहले मानगढ़ की सुध लेने वाला कोई नहीं था। तत्कालीन मुख्यमंत्री भैरव सिंह शेखावत के कार्यकाल में पहली बार वहां सड़क, बिजली, पानी और स्मारक भवन की व्यवस्था की गई। इसके बाद 2003 में वसुंधरा राजे सरकार के समय ओंकार सिंह लखावत के अध्ययन के बाद सड़क चौड़ीकरण और धूणी का जीर्णोद्धार कराया गया।


13.5 करोड़ का बजट और संग्रहालय
वर्तमान राजस्थान सरकार के प्रयासों की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मानगढ़ धाम के लिए 13.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके तहत मानगढ़ धाम पर गोविंद गुरु का विशाल पैनोरमा और एक भव्य संग्रहालय तैयार किया जा रहा है। इस संग्रहालय में गोविंद गुरु के आंदोलन से जुड़े सभी भक्तों का ऐतिहासिक डेटा एकत्र कर प्रदर्शित किया जाएगा।


विपक्षी दलों और भारत आदिवासी पार्टी (BAP) पर हमला
मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक बनाने की मांग और विपक्षी आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए खराड़ी ने कहा कि कुछ लोग केवल राजनीतिक लाभ उठाने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने भारत आदिवासी पार्टी (BAP) का नाम लिए बिना निशाना साधते हुए कहा कि मानगढ़ धाम पर जाकर मूर्तियों को नुकसान पहुंचाने और अश्लील गानों व नृत्यों का आयोजन करने वाले लोग आज राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार आस्था के इस केंद्र का वास्तविक विकास कर रही है और समय आने पर मानगढ़ धाम को उसका सही राष्ट्रीय दर्जा भी मिलेगा।

रिपोर्टिंग और सम्पादन : शेख राजू भाई बर्तन वाला




Post a Comment

और नया पुराने