स्वतंत्रता दिवस समारोह : आसपुर उपखंड पर सम्मानित हुए प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार दर्जी, भेवड़ी स्कूल के विकास में निभाई अहम भूमिका


आसपुर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भेवड़ी के प्रधानाचार्य एवं पीईईओ श्री धर्मेंद्र कुमार दर्जी को उपखण्ड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह, आसपुर-2026 में विद्यालय के शैक्षिक, सहशैक्षिक एवं भौतिक विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान के बाद विद्यालय परिवार की ओर से उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
श्री धर्मेंद्र कुमार दर्जी ने 26 मार्च 2025 को विद्यालय में उपप्रधानाचार्य के पद पर कार्यग्रहण किया। उनके समर्पित प्रयासों, कुशल नेतृत्व तथा विद्यालय स्टाफ एवं भामाशाहों को निरंतर प्रेरित करने के परिणामस्वरूप विद्यालय ने अल्प अवधि में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। पदोन्नति उपरान्त 30/05/2025 को स्थानीय विद्यालय में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यग्रहण किया।
उनके कार्यकाल के दौरान विद्यालय की कक्षा प्रथम की छात्राओं नीलम दायमा, पल्लवी ढोली एवं हितांशी मीणा ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भेवड़ी एवं आसपुर ब्लॉक का नाम राज्य स्तर पर रोशन किया।



भौतिक सुविधाओं में हुआ उल्लेखनीय विकास
प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार दर्जी के नेतृत्व एवं भामाशाहों तथा विद्यालय स्टाफ के सहयोग से विद्यालय में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य करवाए गए। इनमें 30 फीट चौड़ाई एवं 140 फीट लंबाई की छत पर चाइना मैजिक का कार्य, कक्षा 1 से 12 तक के 230 विद्यार्थियों को जूते-मोजे उपलब्ध करवाना तथा संपूर्ण विद्यालय भवन में रंग-रोगन करवाकर विद्यालय का स्वरूप आकर्षक बनाना शामिल है। इसके अलावा बालक एवं बालिका शौचालयों का नवीनीकरण, प्रधानाचार्य कक्ष एवं कार्यालय कक्ष का व्यवस्थित एवं आकर्षक स्वरूप, पुस्तकालय कक्ष, ICT लैब एवं MDM कक्ष का रिनोवेशन भी करवाया गया।
विद्यालय परिसर में गत सत्र लगाए गए 50 पौधों की सुरक्षा के लिए विद्यालय स्टाफ के सहयोग से ट्री गार्ड लगाए गए। वहीं प्रधानाचार्य ने स्वयं आगे बढ़कर एवं स्टाफ साथियों को प्रेरित करते हुए 50 फीट लंबाई एवं 30 फीट चौड़ाई की छत पर भी चाइना मैजिक का कार्य करवाया।


विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध
भामाशाहों को प्रेरित कर विद्यार्थियों की सुविधा के लिए वाटर कूलिंग सिस्टम, वाटर प्यूरीफायर, कक्षाओं में ग्रीन बोर्ड, इलेक्ट्रिक बेल एवं अस्थायी नवीन कक्ष जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।


नामांकन वृद्धि में भी महत्वपूर्ण योगदान
विद्यालय में नामांकन वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए मिशन नवदृष्टि अभियान के तहत विशेष प्रयास किए गए। अभियान के अंतर्गत निजी विद्यालयों से आए 20 विद्यार्थियों सहित कुल 45 विद्यार्थियों का प्रवेश राजकीय विद्यालय में करवाया गया।
विद्यालय परिवार के अनुसार, इन प्रयासों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ-साथ विद्यालय के प्रति अभिभावकों और भामाशाहों का विश्वास भी मजबूत हुआ है।


प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार दर्जी के कार्यों को विद्यालय के शैक्षिक स्तर में सुधार, विद्यार्थियों की सुविधाओं के विस्तार, भौतिक विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं नामांकन वृद्धि के क्षेत्र में समर्पण, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और जनसहयोग की भावना का उदाहरण माना जा रहा है। उपखण्ड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित होने के बाद विद्यालय पहुंचने पर स्टाफ एवं विद्यालय परिवार ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन कर प्रसन्नता व्यक्त की।







Post a Comment

और नया पुराने