शहर के पांचों तालाब एवं पुनर्वास कॉलोनी खेल मैदान के विकास का कार्य जल्द होगा शुरू

  • शहर के पांच तालाबों के सौंदर्यीकरण पर खर्च होंगे 38 करोड़।
  • पुनर्वास कॉलोनी खेल मैदान का भी होगा विकास, सर्वे का काम पूरा, अब होंगे टेंडर।
सागवाड़ा : शहर के पांच तालाबों के सौंदर्यीकरण का कार्य जल्द ही शुरू होने वाला है। इसके साथ ही पुनर्वास कॉलोनी के खेल मैदान का भी विकास होगा। इन दोनों कार्यों पर करीब 38 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री बजट घोषणा के अनुरूप सागवाड़ा शहर को आरयूआईडीपी के चौथे फेज में शामिल किया गया था। दोनों कार्यों का सर्वे और डीपीआर का काम पूरा कर लिया गया है। अब टेंडर प्रक्रिया होगी। नगर पालिका सागवाड़ा के जेईएन लोकेश पाटिदार ने बताया कि इन कार्यों के लिये सोशल सर्वे का काम हो गया है। अब टेंडर लगाए जाएंगे। कहां क्या काम होना है उसकी पूरी रूपरेखा तैयार है। इसके तहत पिछले दिनों सोशल सेफ गार्ड के राजीव शर्मा ने पार्षद और शहरवासियों से मुलाकात कर इसके तहत होने वाले कार्यों और इससे होने वाले प्रभाव के बारे में जानकारी ली। शर्मा ने उपाध्यक्ष राजुमामा शेख, पार्षद भरत जोशी, इंद्रजीत मकवाना, गटा भागरिया, अशोक रोत और डायालाल पाटीदार से होने वाले कार्यों के बारे में चर्चा की। पार्षदों ने भी सुझाव दिये। पालिका के अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार मोहिल ने बताया कि शहर में पेयजल और सीवरेज के लिये 100 करोड़ का टेंडर पहले ही लग गया है।

आधुनिक खेल मैदान होगा तैयार
पुनर्वास कॉलोनी के खेल मैदान का पूरा स्वरूप ही बदल दिया जाएगा। इसके तहत प्ले ग्राउंड बनाया जाएगा जिसमें क्रिकेट या फुटबॉल खेला जा सके। इसके अलावा यहां लान टेनिस और वालीबॉल का मैदान भी तैयार किया जाएगा।

इन तालाबों की सुधरेगा दशा
सागवाड़ा शहर के पांचों तालाब दुर्दशा के शिकार हैं। तालाब जलकुंभी और गंदगी से अटे पड़े हैं। लोहारिया, मसानिया, गमलेश्वर, हरियाला और बोरिया तालाब की ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। पालिका अध्यक्ष नरेंद्र खोड़निया ने बताया कि तालाबों का सौंदर्यीकरण चुनाव का प्रमुख वादा था। आरयूआईडीपी के चौथे फेज में इस कार्य को स्वीकृति मिली है।

तालाबों के किनारे वोकिंग ट्रैक, गार्डन और फाउंटेन 
शहर के इन पांचों तालाबों के विकास का प्लान तैयार है। सबसे पहले जल आवक मार्ग से अवरूद्ध हटाये जाएंगे और तालाबों को गहरा किया जाएगा। तालाब के पास वोकिंग ट्रैक, गार्डन और फाउंटेन लगाए जाएंगे। लाइटिंग और पाल का सुदृढ़ीकरण होगा।

"शहर के विकास को लेकर जो वादे किये थे उन्हें पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री बजट घोषणा में 38 करोड़ के काम होने है जिससे शहर के तालाबों की दशा बदलेगी। लंबे समय से तालाबों के सौंदर्यीकरण की मांग की जा रही थी। डीपीआर और सर्वे का काम हो गया है। अगले माह में टेंडर भी लग जाएंगे" - नरेंद्र खोड़निया, नगर पालिका अध्यक्ष, सागवाड़ा।

Post a Comment

और नया पुराने