झीलों की नगरी उदयपुर के रोटरी भवन में रविवार को डायर कम्युनिटी सोसायटी के बैनर तले 'नेशनल एक्सीलेंस अवार्ड 2026' का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया गया। यह समारोह न केवल काबिल हस्तियों को सम्मानित करने का जरिया बना, बल्कि इसने खिदमत, मोहब्बत, एकता और इंसानियत की रिवायत को भी एक नई बुलंदी बख्शी। इस प्रतिष्ठित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रख्यात सीए, बिजनेस लीडर एवं मेंटर अंशुल मोगरा उपस्थित रहे, जबकि बीसीआई के फाउंडर मुकेश माधवानी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। पूरे समारोह के कुशल संयोजक की भूमिका आरिफ शेख ने निभाई।
इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मान समारोह के लिए पूरे प्रदेश से करीब 400 से अधिक नामांकन प्राप्त हुए थे। इसके बाद ज्यूरी की एक बेहद कड़ी, निष्पक्ष और पूरी तरह से पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से शिक्षा, व्यवसाय, पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, प्रशासन, खेल और चिकित्सा जैसे विभिन्न क्षेत्रों से सिर्फ 30 उत्कृष्ट और युवा अचीवर्स को चुना गया, जिन्होंने समाज में एक गहरा और सकारात्मक प्रभाव छोड़ा है। समारोह के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली इन 30 हस्तियों का मंच पर गरिमामयी बहुमान किया गया।
इस ऐतिहासिक शाम में वागड़ अंचल और डूंगरपुर के लिए सबसे बड़े गौरव का पल तब आया, जब MMB ग्रुप डूंगरपुर के सदर नूर मोहम्मद मकरानी को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और समाज के प्रति अद्वितीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित 'फख्र-ए-कौम' अवार्ड से नवाजा गया। इस मौके पर नूर मोहम्मद मकरानी ने गरिमामयी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि शिक्षा, सेवा और समाज की सकारात्मक सोच का उत्सव है। उन्होंने 'लेट हाजी नूर मोहम्मद खातून बेगम फाउंडेशन' और आयोजन समिति की इस ऐतिहासिक पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। मकरानी ने डायर कम्युनिटी सोसायटी के प्रेसिडेंट अय्यूब डायर, आरिफ शेख, ज्यूरी मेंबर्स और आयोजन समिति के सभी सदस्यों की कड़ी मेहनत को सराहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि समाज सेवा का यह कारवां निरंतर आगे बढ़ता रहेगा और ऐसे आयोजन समाज को हमेशा नई प्रेरणा देते रहेंगे।
इसी भव्य मंच पर अजमेर दरगाह कमेटी के पूर्व सदर एवं पूर्व राज्यमंत्री असरार अहमद खान को भी उनके बहुआयामी कार्यों के लिए 'फख्र-ए-कौम' अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उदयपुर के सुप्रसिद्ध समाजसेवी हाजी मोहम्मद बक्स प्यारे मियां को भी समाज में उनके विशिष्ट योगदान के लिए 'फख्र-ए-कौम' अवार्ड से नवाजा गया। कुल मिलाकर यह समारोह लीडरशिप और समाज सेवा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित हुआ।
वीडियो देखे :



एक टिप्पणी भेजें