बांसवाड़ा। शहर के दाहोद मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सेंट पॉल स्कूल के मासूम बच्चों को ले जा रही एक वैन सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार बच्चे बुरी तरह फंस गए। इस हादसे में एक छात्र की दुखद मौत हो गई, जबकि 14 बच्चे घायल हो गए हैं। घायलों में से एक गंभीर बालक को उदयपुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब 8 बजे हुआ जब वैन कुल 15 बच्चों को लेकर सेंट पॉल स्कूल की तरफ जा रही थी। दाहोद रोड पर अचानक वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में जा घुसी। जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत राहत कार्य के लिए दौड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों ने भारी मशक्कत के बाद गाड़ी के परखच्चों के बीच फंसे मासूमों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सभी घायल बच्चों को तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें : तालाब में नहाते समय 6 डूबे, 4 भाई-बहनों की मौत : परिवार में अब केवल माता-पिता बचे, छुट्टियों के लिए आई भांजी भी हादसे का शिकार
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में घायल मासूमों के अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सा परिसर में भी हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों की टीम तुरंत उपचार में जुट गई, वहीं कुछ बच्चों को डॉक्टरों ने मौके पर ही सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया।
मामले की जानकारी देते हुए बांसवाड़ा जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने बताया कि हादसे में सात बच्चों को गंभीर चोटें आई थीं। दुर्भाग्यवश इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक अत्यंत गंभीर बच्चे को बेहतर उपचार के लिए उदयपुर रेफर किया गया है। वहीं दो अन्य बच्चों का बांसवाड़ा के जिला अस्पताल में इलाज जारी है। बाकी बच्चों को प्राथमिक उपचार देने के बाद सुरक्षित उनके घर भेज दिया गया है। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



एक टिप्पणी भेजें