BAPS स्वामिनारायण मंदिर में वागड़ समाज बहरीन की नई कार्यकारिणी का भव्य सम्मान, खाड़ी देश में जल्द आकार लेगा नया सनातन केंद्र

 बहरीन। खाड़ी देश बहरीन में स्थित BAPS स्वामिनारायण मंदिर परिसर में वागड़ समाज बहरीन की नवगठित कोर कमेटी (EXCOM 2026–28) के सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस भव्य कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति द्वारा वागड़ समाज के नव-निर्वाचित सभी पदाधिकारियों को स्मृति स्वरूप प्रतीक-चिह्न भेंट कर उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए सम्मानित किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर BAPS संस्था के परम पूज्य श्री अनंतनयनदासजी महाराज ने विशेष रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शिरकत की। उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी को अपना दिव्य आशीर्वाद प्रदान करते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं और समाज सेवा, संगठन की मजबूती, आपसी एकता तथा नई पीढ़ी में संस्कारों के संरक्षण के लिए पूरी निष्ठा व समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया।


इस गरिमामयी आयोजन के दौरान मंदिर समिति के प्रतिनिधियों ने BAPS स्वामिनारायण संस्था के वैश्विक सेवा कार्यों को रेखांकित करते हुए बताया कि संस्था भारत ही नहीं, बल्कि संपूर्ण विश्व में धार्मिक, सांस्कृतिक और निस्वार्थ मानव सेवा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रही है। उन्होंने एक बड़ी जानकारी साझा करते हुए कहा कि खाड़ी क्षेत्र में अबू धाबी के ऐतिहासिक और भव्य हिंदू मंदिर की स्थापना के बाद, अब बहरीन की धरती पर भी BAPS द्वारा एक भव्य नए हिंदू मंदिर का निर्माण प्रस्तावित है। इस पुनीत कार्य के लिए बहरीन सरकार एवं वहां के तत्कालीन राजपरिवार ने भारत के प्रति अपनी सहिष्णुता और सम्मान का परिचय देते हुए संस्था को लगभग 10 हजार वर्गमीटर भूमि पूरी तरह से निःशुल्क उपलब्ध कराई है, जिस पर शीघ्र ही मंदिर निर्माण का कार्य शुरू होने की प्रबल उम्मीद है।


वक्ताओं ने अपने संबोधन में विश्वास व्यक्त किया कि आगामी समय में आकार लेने वाला यह भव्य मंदिर बहरीन में निवास कर रहे प्रवासी भारतीयों और संपूर्ण सनातन धर्मावलंबियों की अटूट आस्था का सबसे बड़ा केंद्र साबित होगा। यह न केवल मरुधरा और भारतीय संस्कृति के गौरव को वैश्विक पटल पर बढ़ाएगा, बल्कि भावी पीढ़ी के लिए सनातन परंपरा के संरक्षण और धार्मिक पर्यटन को भी एक नई दिशा प्रदान करेगा। कार्यक्रम के समापन पर मंदिर समिति ने वागड़ समाज बहरीन की इस नई कोर कमेटी के सफल और ऊर्जावान कार्यकाल की कामना करते हुए समारोह में उपस्थित सभी प्रबुद्ध अतिथियों व समाजजनों का सहृदय आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

और नया पुराने