बांसवाड़ा। पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान की आवाज़ को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) ने एक बड़ा कदम उठाया है। रविवार को बांसवाड़ा शहर के एक निजी होटल में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में संगठन के विस्तार और पत्रकार हितों के संरक्षण को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। उदयपुर संभाग प्रभारी विक्रम सिंह करनोत के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई इस बैठक में जिलेभर में मजबूत संगठनात्मक ढांचे के निर्माण पर विशेष चर्चा की गई।
संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के लिए सर्वसम्मति से जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। इसके तहत दीनदयाल शर्मा को बांसवाड़ा, मुकेश पाटीदार को गढ़ी, विनोद नायक को घाटोल, चंकी कलाल को बागीदौरा तथा ललित गोलेछा को कुशलगढ़ विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।
बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष किशन सेन ने नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की। इस नई टीम में धर्मेंद्र उपाध्याय, मृदुल पुरोहित एवं अरुण जोशी को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं राजेश सोनी को महासचिव, जबकि महेश आमेटा, आशीष जोशी, नारायण कलाल, सैयद मिर्जा एवं दिलीप बुनकर को सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही प्रमोद कलाल को कोषाध्यक्ष तथा गौतमसिंह राठौड़ को जिला प्रवक्ता के पद पर नियुक्त किया गया है।
कार्यकारिणी को और अधिक व्यापक स्वरूप देते हुए कई वरिष्ठ साथियों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इसमें किशोर बुनकर, प्रकाश नायक, जुगनू सोनी, सोनू अग्रवाल, लक्ष्मी सोनी, मूकनायक से रामलाल यादव, नरेंद्र मेहता, निलेश कलाल एवं राजेंद्र कलाल को मनोनीत किया गया है। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश शिकायत निस्तारण समिति अध्यक्ष दिनेश बोहरा, उदयपुर संभाग प्रभारी विक्रम सिंह करनोत, सिरोही जिलाध्यक्ष अशोक कुमावत, सुभाष मेहता सहित जिलेभर से जुड़े पत्रकार, संवाददाता एवं स्ट्रिंगर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आईएफडब्ल्यूजे देश का एक अग्रणी, संघर्षशील और प्रतिष्ठित पत्रकार संगठन है, जो वर्षों से पत्रकारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। राजस्थान में भी संगठन पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए सक्रिय भूमिका निभा रहा है। बदलते समय में पत्रकारों की सुरक्षा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, पेशेवर गरिमा तथा संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सभी का संगठित रहना अत्यंत आवश्यक है। वक्ताओं ने जिले के सभी पत्रकारों से आईएफडब्ल्यूजे से जुड़कर संगठन को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
इस विशेष अवसर पर अतिथियों द्वारा संगठन के प्रति उत्कृष्ट समर्पण के लिए आईएफडब्ल्यूजे बांसवाड़ा जिलाध्यक्ष किशन सेन, सुभाष मेहता, बीएन न्यूज (BN News) के सैयद मिर्जा तथा मूकनायक के रामलाल यादव सहित अन्य पत्रकारों को संगठन का स्मृति-चिन्ह (मोमेंटो) प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बैठक का समापन संगठन को जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने तथा पत्रकारों की सुरक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। बांसवाड़ा जिले के पत्रकारों ने हमेशा अपनी निष्पक्ष कलम और जनसरोकारों से जुड़े मूल्यों के माध्यम से एक विशिष्ट पहचान स्थापित की है। इस नई कार्यकारिणी के गठन से यह विश्वास व्यक्त किया गया है कि आने वाले समय में पत्रकारों की एकजुटता के बल पर संगठन नई बुलंदियों को छुएगा।
बाँसवाड़ा, राजस्थान
रामलाल यादव / मूकनायक, संपादक राजस्थान

एक टिप्पणी भेजें