सागवाड़ा में गूंजे अमरनाथ के जयकारे, वागड़िया पाटीदार समाज के श्रद्धालु पवित्र यात्रा पर रवाना ; सांवरिया फर्नीचर पर हुआ भव्य स्वागत

सागवाड़ा। आस्था, उमंग और भक्ति के गगनभेदी जयकारों के बीच वागड़ क्षेत्र के वागड़िया पाटीदार समाज के श्रद्धालु आज पवित्र अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हो गए हैं। इस धार्मिक यात्रा का आयोजन श्री अम्बिका यात्रा प्रवास संघ द्वारा किया गया है, जो पिछले 40 वर्षों से अनवरत रूप से चारों धाम सहित तीनों पिंडियों की धार्मिक यात्राएं श्रद्धालुओं को पूरी श्रद्धा के साथ करवाता आ रहा है। संघ की इस दीर्घकालिक सेवा भावना और समर्पण की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना की जा रही है।

यात्रा की शुरुआत से पहले सागवाड़ा स्थित सांवरिया फर्नीचर शोरूम पर एक विशेष और भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। शोरूम व्यवस्थापक राजू भाई खटीक, अक्षय खटीक और सागर खटीक ने सभी तीर्थयात्रियों का पूरे आदर-सत्कार के साथ तिलक लगाकर और माला पहनाकर भावभीना स्वागत-सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने सभी यात्रियों की यात्रा सकुशल, सुखद और मंगलमय होने की मंगलकामना भी की। इस पावन यात्रा में चितरी, खड़गदा, खुमानपुर और डेचा गांव के वागड़िया पाटीदार समाज के श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए हैं। जैसे ही यात्रा रवाना हुई, पूरा माहौल "जय अमरनाथ, चलो अमरनाथ" के भक्तिमय जयकारों से गुंजायमान हो उठा और श्रद्धालुओं की आंखों में बाबा बर्फानी के दर्शन की उत्कंठा साफ दिखाई दे रही थी।

इस विदाई और स्वागत के अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे, जिन्होंने यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उपस्थित प्रमुख लोगों में पूर्व उप सरपंच एवं भाजपा चितरी पूर्व मंडल अध्यक्ष देवीलाल डांगी, भाजपा जिला मंत्री डायालाल पाटीदार चितरी, नगजी पाटीदार, राजेश पाटीदार, वालजी पाटीदार, भानजी पाटीदार डेचा, गीता बेन खड़गदा, मीठी बाई चितरी और मणीबाई चितरी सहित कई ग्रामीण शामिल थे। श्री अम्बिका यात्रा प्रवास संघ ने इस मौके पर बताया कि संघ का मुख्य उद्देश्य पिछले चार दशकों से श्रद्धालुओं को बेहद कम खर्च में सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित रूप से चारों धाम की यात्रा करवाना रहा है, जिसे वे आगे भी इसी तरह जारी रखेंगे।


वीडियो देखे : 


Post a Comment

और नया पुराने