सागवाड़ा | सड़क सुरक्षा और जनजागरूकता को समर्पित "जान है तो जहान है" अभियान का कारवां ओबरी ग्राम पंचायत के बस स्टैंड चौराहा पर पहुंचा, जहाँ ग्रामीणों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस विशेष अभियान में स्थानीय पुरुषों और युवाओं की भारी संख्या में भागीदारी देखने को मिली, जो सड़क सुरक्षा के प्रति बढ़ती सजगता को दर्शाती है। कार्यक्रम के दौरान ओबरी थानाधिकारी (सीआई) रमेश कटारा, नटवरलाल पटेल, सरपंच शंकर लाल डामोर, हीरालाल पटेल, चंदु बापू, भोपाल सिंह, अमृत लाल कलाल और भाजपा ओबरी मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक और ग्रामीण मौजूद रहे।
अभियान के सूत्रधार "जान है तो जहान है" फाउंडेशन के चिराग मेहता, पवन पंड्या, मयंक मीत और हर्षित मेहता सहित विभिन्न वक्ताओं ने मंच से आमजन को संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में इस बात पर जोर दिया कि दोपहिया वाहन चालकों को सबसे पहले हेलमेट पहनना चाहिए और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट अवश्य लगानी चाहिए, इसके बाद ही वाहन को आगे बढ़ाएं। वक्ताओं ने प्रेरित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने घर के बड़े-बुजुर्गों और बच्चों को यातायात के नियम समझाने चाहिए। वाहन को हमेशा नियंत्रित गति में चलाएं, सड़क पार करते समय आगे-पीछे अच्छी तरह देख लें और अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी स्वयं उठाएं।
इस मौके पर पुलिस थाना ओबरी के सीआई रमेश कटारा ने कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा अभियान को लगातार गति दी जा रही है। उन्होंने आमजन से पुरजोर अपील की कि वे अनिवार्य रूप से यातायात नियमों की पालना करें, ताकि सड़कों पर होने वाली असमय दुर्घटनाओं और जनहानि को पूरी तरह रोका जा सके। कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उपस्थित लोगों में से 10 नागरिकों को हेलमेट का वितरण भी किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों को "हम हेलमेट पहनेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे" की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
इस पूरे अभियान को सफल बनाने में एकता समाचार के शेख राजू भाई बर्तन वाला, स्थानीय मीडिया कर्मियों और पुलिस प्रशासन का बेहद सराहनीय एवं महत्वपूर्ण सहयोग रहा। गौरतलब है कि "जान है तो जहान है" अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता को यातायात के कायदे-कानूनों के प्रति जागरूक करना है ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके।
वीडियो देखे :



एक टिप्पणी भेजें