आपणो गुजराती पाटीदार समाज ने किया राजस्थान फाउंडेशन के अध्यक्ष रमेश भाई पाटीदार का भव्य अभिनंदन


मनामा (बहरीन)। प्रवासी भूमि पर राजस्थान की माटी का गौरव उस समय और बढ़ गया जब बहरीन स्थित 'आपणो गुजराती पाटीदार समाज' द्वारा एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। यह विशेष कार्यक्रम संगठन मंत्री मोहनलाल पाटीदार वणोरी की गरिमामयी अध्यक्षता और कार्यवाहक समन्वय मुकेश कुमार पाटीदार दिवडा छोटा सहित गुजराती पाटीदार कोर कमेटी मेंबर्स के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। समारोह में राजस्थान फाउंडेशन के नवनियुक्त अध्यक्ष रमेश भाई पाटीदार का समाज के प्रबुद्ध जनों द्वारा जोरदार स्वागत और नागरिक अभिनंदन किया गया। उल्लेखनीय है कि रमेश भाई पाटीदार को हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा राजस्थान फाउंडेशन के इस प्रतिष्ठित पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।


बहरीन की राजधानी मनामा में आयोजित इस गरिमापूर्ण समारोह के दौरान समाज की कोर कमेटी और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने एकजुट होकर नवनियुक्त अध्यक्ष रमेश भाई को स्मृति चिह्न भेंट किया और पारंपरिक रूप से साफा व माला पहनाकर उनका अभिवादन किया।
इस गौरवमयी अवसर पर संगठन मंत्री, कार्यवाहक समन्वय और समाज के वरिष्ठ प्रबुद्ध जनों ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि रमेश भाई पाटीदार का कुशल नेतृत्व, समाज के प्रति निस्वार्थ समर्पण भाव और विशिष्ट मार्गदर्शन हम सभी के लिए अत्यंत प्रेरणादायी और गौरवान्वित करने वाला है। उनके इस पद पर आसीन होने से वैश्विक स्तर पर प्रवासियों से जुड़ाव और अधिक मजबूत होगा। कार्यक्रम के समापन पर समस्त गुजराती पाटीदार समाज बहरीन की ओर से रमेश भाई पाटीदार के सफल कार्यकाल, उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु जीवन की मंगल कामना की गई। समारोह में बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय, समाज के गणमान्य लोग और कमेटी के सक्रिय सदस्य मौजूद रहे।




Post a Comment

और नया पुराने