सागवाड़ा में दो दिवसीय शारीरिक शिक्षक वाकपीठ संगोष्ठी संपन्न, 310 शिक्षकों ने लिया भाग


सागवाड़ा। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय राजस्थान, बीकानेर के निर्देशानुसार जिला स्तरीय राजकीय एवं गैर राजकीय माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शारीरिक शिक्षकों एवं खेल प्रभारियों की सत्रारम्भ दो दिवसीय वाकपीठ संगोष्ठी सोमवार को वाडेल राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सागवाड़ा में संपन्न हुई। संगोष्ठी में जिलेभर से 310 शारीरिक शिक्षकों एवं खेल प्रभारियों ने भाग लिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद छात्राओं ने ईश वंदना एवं स्वागत गीत की प्रस्तुति दी। संगोष्ठी आयोजक प्रधानाचार्य राजेन्द्र तिवारी एवं वाकपीठ जिलाध्यक्ष हरीचन्द्र अम्बाडा ने अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया।


शारीरिक शिक्षकों की भूमिका पर दिया जोर
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल रणोली ने की। वहीं पूर्व सांसद एवं मंत्री कनकमल कटारा अति विशिष्ट अतिथि तथा पूर्व विधायक एवं प्रदेश मंत्री अनिता कटारा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
पूर्व विधायक अनिता कटारा ने अपने संबोधन में कहा कि शारीरिक शिक्षक विद्यार्थियों के सबसे प्रिय शिक्षकों में से होते हैं। विद्यालयों में शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियों में एकरूपता लाने के लिए इस प्रकार की वाकपीठ संगोष्ठियों का आयोजन आवश्यक है।
पूर्व सांसद कनकमल कटारा ने शारीरिक शिक्षकों को नियम एवं सिद्धांतों का पक्का बताते हुए विद्यालयों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि विधायक शंकरलाल डेचा ने कहा कि शारीरिक शिक्षक विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ खेल, अनुशासन और संस्कारों का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में अनुशासन की नींव विद्यालयों से पड़ती है और विद्यालय में अनुशासन बनाए रखने में शारीरिक शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।


विधायक ने नए कक्षा कक्ष की घोषणा की
इस अवसर पर विधायक शंकरलाल डेचा ने वाडेल राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की आवश्यकता को देखते हुए अपने विधायक कोष से एक नए कक्षा कक्ष के निर्माण की घोषणा की। घोषणा के बाद उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की।
अध्यक्षीय उद्बोधन में भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल रणोली ने शारीरिक शिक्षकों को विद्यालय का अनुशासित सिपाही बताते हुए कहा कि वे खेल गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।


एकता समाचार के राजू भाई शेख का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मीडिया साथी एकता समाचार के राजू भाई शेख का पगड़ी पहनाकर एवं उपरना ओढ़ाकर भव्य सम्मान किया गया।
संगोष्ठी के सफल संचालन में चन्द्रेश रावल एवं भंवरलाल पाटीदार ने संयुक्त भूमिका निभाई। अंत में वाकपीठ जिलाध्यक्ष हरीश चन्द्र अम्बाडा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।


ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक नीरज कुमार जोशी, सीबीईओ नरेन्द्र कुमार भट्ट, भाजपा नगर अध्यक्ष यशवंत गवारिया, महामंत्री के.पी. सिंह, चंदनसिंह चौहान, पूर्व नेता प्रतिपक्ष हरीश सोमपुरा, मीडिया संयोजक प्रदीप गामोठ, एसीबीईओ रमेशचन्द्र कुम्हार, प्रशांत कुमार शर्मा, नयन कटारा, उपजिला शिक्षा अधिकारी शशि भोगीलाल कलाल एवं जिला खेल प्रभारी हेमेन्द्र माली सहित कई प्रशासनिक एवं राजनीतिक पदाधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा राजेंद्रकुमार जैन, चंद्रकांत व्यास, लक्ष्मणलाल डेंडोर, कालूराम कलासुआ, भूपेश कोठारी, कांतिलाल पाटीदार, मदनलाल कटारा, रमेशचन्द्र पाटीदार, रविशंकर पाटीदार, रमेशचन्द्र डामोर, मगनलाल यादव, सुशीला पाटीदार, ज्योतिबाला गहलोत एवं हंसबाला परमार सहित जिलेभर से आए 310 शारीरिक शिक्षक एवं खेल प्रभारी उपस्थित रहे।



Post a Comment

और नया पुराने