डूंगरपुर/सागवाड़ा। राजस्थान में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर गुरुवार को जयपुर में हुई आरक्षण लॉटरी के बाद डूंगरपुर और सागवाड़ा के स्थानीय चुनावी समीकरणों को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। लॉटरी में डूंगरपुर नगर परिषद सभापति पद अनारक्षित (ओपन) रखा गया है, जबकि सागवाड़ा नगर पालिका अध्यक्ष पद OBC महिला के लिए आरक्षित हुआ है। आरक्षण की स्थिति सामने आने के साथ ही दोनों निकायों में संभावित दावेदारों और राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ने के आसार हैं। अब सभी की नजर 17 अगस्त को होने वाली वार्ड आरक्षण लॉटरी पर रहेगी।
डूंगरपुर में सभापति पद अनारक्षित
डूंगरपुर नगर परिषद के सभापति पद को अनारक्षित ओपन रखा गया है। इसका मतलब है कि इस पद के लिए किसी एक आरक्षित वर्ग तक दावेदारी सीमित नहीं रहेगी। महिला या पुरुष, किसी भी वर्ग का पात्र व्यक्ति चुनाव लड़ सकता है। डूंगरपुर नगर परिषद में पिछले सात बोर्ड से भाजपा का कब्जा रहा है। ऐसे में आगामी चुनाव में भाजपा के सामने अपना राजनीतिक आधार बनाए रखने की चुनौती होगी, वहीं कांग्रेस भी सत्ता में वापसी के लिए जोर लगाएगी।
सागवाड़ा में OBC महिला अध्यक्ष
सागवाड़ा नगर पालिका में इस बार अध्यक्ष पद OBC महिला के लिए आरक्षित किया गया है। पिछली बार यह सीट सामान्य ओपन थी। आरक्षण की नई स्थिति के बाद अब अध्यक्ष पद के लिए OBC वर्ग की महिला दावेदार ही पात्र होंगी। सागवाड़ा में पिछला निर्वाचित बोर्ड कांग्रेस का था। हालांकि, भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद सरकार ने कांग्रेस अध्यक्ष को पद से हटाकर भाजपा समर्थित व्यक्ति को अध्यक्ष नियुक्त किया था। ऐसे में आगामी चुनाव को लेकर सागवाड़ा की राजनीति में भी यह आरक्षण महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें : मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने विपक्षी नेताओं और BAP पर साधा निशाना : मानगढ़ धाम विकास और चुनावों पर कही बड़ी बात
दावेदारों की सक्रियता बढ़ने की संभावना
अध्यक्ष और सभापति पद का आरक्षण स्पष्ट होने के बाद दोनों राजनीतिक दलों में संभावित दावेदारों को लेकर चर्चाएं तेज होने की संभावना है। अब वार्डवार समीकरण, स्थानीय राजनीतिक प्रभाव, सामाजिक समीकरण और पार्टी संगठन की रणनीति के आधार पर संभावित नामों पर मंथन शुरू होगा।
17 अगस्त को वार्ड आरक्षण की लॉटरी
नगर निकायों में अब 17 अगस्त को वार्डों के आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी। यह प्रक्रिया जिला स्तर पर कलेक्टर के माध्यम से होगी। इसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, OBC और महिला आरक्षण के आधार पर वार्डों का निर्धारण किया जाएगा। वार्ड आरक्षण सामने आने के बाद चुनावी तस्वीर और अधिक स्पष्ट होगी तथा संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता भी बढ़ेगी।
डूंगरपुर नगर परिषद की स्थिति
- कुल वार्ड: 40
- कुल मतदाता: 37,788
- पुरुष मतदाता: 19,103
- महिला मतदाता: 18,685
- मतदान केंद्र: 41
सागवाड़ा नगर पालिका की स्थिति
- कुल वार्ड: 35
- कुल मतदाता: 24,645
- पुरुष मतदाता: 12,449
- महिला मतदाता: 12,196
- ट्रांसजेंडर मतदाता: 2
- मतदान केंद्र: 35
आरक्षण की यह तस्वीर सामने आने के बाद अब 17 अगस्त की वार्ड आरक्षण लॉटरी पर सभी की नजरें टिकी हैं। इसके बाद डूंगरपुर और सागवाड़ा दोनों निकायों में चुनावी मुकाबले की संभावित तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

एक टिप्पणी भेजें