चिखली। सड़क सुरक्षा को लेकर दीप होंडा सर्विस पॉइंट सागवाड़ा के प्रोपराइटर चिराग मेहता की ओर से शुरू किया गया ‘जान है तो जहान है’ अभियान अब व्यापक रूप ले रहा है। इसी कड़ी में कुंआ थाना पुलिस के सहयोग से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चिखली में सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 101 लोगों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।
यह भी पढ़ें : ओबरी में "जान है तो जहान है" अभियान का भव्य आयोजन, ग्रामीणों को सिखाए सड़क सुरक्षा के गुर
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डूंगरपुर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने वाहन चालकों से यातायात नियमों की पालना करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग जरूर करें। वाहन चलाते समय जल्दबाजी से बचते हुए सावधानी बरतना जरूरी है।
एसपी मनीष कुमार ने ‘जान है तो जहान है’ अभियान की सराहना करते हुए चिराग मेहता और अभियान से जुड़े लोगों के प्रयासों को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए इस तरह की पहल महत्वपूर्ण है।
यह भी पढ़ें : सागवाड़ा : संस्कृत विद्यालयों में शुरू हुआ 'जान है तो जहान है' अभियान | विद्यार्थियों को मिला सड़क सुरक्षा का संदेश
यमराज के किरदार ने दिया अनोखा संदेश
कार्यक्रम में कलाकार कमलेश कुमार बामणिया ने यमराज का किरदार निभाकर लोगों को यातायात नियमों की पालना का संदेश दिया। अपनी प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और सुरक्षित घर पहुंचने की अपील की। यमराज के किरदार के जरिए दिया गया यह संदेश कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रहा और लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रभावी माध्यम बना।
यह भी पढ़ें : 'जान है तो जहान है' अभियान के 6 महीने पूरे : वांदरवेंड में रात्रि चौपाल का आयोजन, 12 हेलमेट वितरित
काव्य पाठ के जरिए भी किया जागरूक
कार्यक्रम में कवि छत्रपाल छत्र शिवाजी एवं मयंक मीत ने काव्य पाठ के माध्यम से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों की पालना का संदेश दिया। उपस्थित लोगों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव और सुरक्षित यातायात व्यवहार के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान सड़क सुरक्षा के मूलमंत्रों की जानकारी देने के साथ लोगों को यातायात नियमों की पालना की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में सिमलवाड़ा डिप्टी मदन वैष्णव, कुंआ थाना अधिकारी रघुवीर सिंह, चिखली चौकी प्रभारी एएसआई राजाराम चौधरी सहित पुलिसकर्मी, जनप्रतिनिधि, सरपंच एवं ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजन में चिखली पुलिस चौकी, विद्यालय पक्ष, राजेश पाटीदार तथा ग्रामीणों का सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन पवन पंड्या ने किया, जबकि महेंद्र सिंह बरजोड़ ने आभार व्यक्त किया।
‘जान है तो जहान है’ अभियान के माध्यम से कार्यक्रम में एक सीधा संदेश दिया गया—हेलमेट पहनें, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित अपने घर पहुंचें।




एक टिप्पणी भेजें