सागवाड़ा (डूंगरपुर)। सागवाड़ा नगर पालिका भवन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच लंबे समय से चल रहा मतभेद और गतिरोध आखिरकार आपसी संवाद और सर्वसम्मति के बाद सकारात्मक रूप से समाप्त हो गया है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक में नगर के व्यापक जनहित को प्राथमिकता देते हुए सभी मुद्दों का सर्वमान्य समाधान निकाल लिया गया।
कार्यकर्ताओं की मुख्य मांग थी कि पुराने नगर पालिका भवन के स्थान का उपयोग सागवाड़ा नगर की जनता के व्यापक हित में किया जाए और आमजन के रोजमर्रा के जरूरी कार्यों के लिए इस परिसर में सुविधाएं पहले की तरह उपलब्ध रहें। इस पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि आने वाले समय में पुराने परिसर में जनहित से जुड़े कार्य सुचारू रखे जाएंगे, साथ ही शेष भूमि पर आमजन की सुविधा के लिए एक उपयोगी व भव्य भवन का निर्माण कराया जाएगा।
इस संवेदनशील मुद्दे के समाधान के लिए विधायक शंकरलाल डेचा, नगर प्रभारी एवं पूर्व विधायक गोपीचंद मीणा, कांतिलाल डामोर, हेमंत दादा पाठक तथा पूर्व सांसद कनकमल कटारा सहित प्रमुख नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा कर आम सहमति बनाई।
संगठन को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से बैठक में एक और बड़ा फैसला लिया गया। पूर्व में निष्कासित कार्यकर्ता नीरज पंचाल, कुतुबुद्दीन कोटी, विजय पंचाल, नरेन्द्र गोवाड़िया, हबीब भाई एवं पीथ का निष्कासन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर उन्हें ससम्मान पुनः भाजपा परिवार में शामिल कर लिया गया।
आपसी मनमुटाव पूरी तरह खत्म होने के बाद सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी सागवाड़ा नगर पालिका बोर्ड के गठन और नगर विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।

एक टिप्पणी भेजें