सागवाड़ा नगर पालिका चुनाव : भाजपा का चुनावी शंखनाद, स्वच्छ और जिताऊ छवि वाले उम्मीदवारों पर दांव


सागवाड़ा। नगर पालिका चुनाव को लेकर सागवाड़ा में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 35 वार्डों में चुनावी तैयारी को गति देते हुए भारतीय जनता पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के चुनाव प्रभारी, संयोजक और सह-संयोजकों द्वारा सभी 35 वार्डों में नुक्कड़ सभाओं और बैठकों का दौर लगातार जारी है, जिससे चुनावी माहौल पूरी तरह गरमाने लगा है।


भाजपा नगर अध्यक्ष यशवंत गवारिया, विस्तारक भरत कुशलगढ़, सह-संयोजक नानालाल दर्जी, आशा पाटीदार, नरेश प्रजापत, तारिक शेख और फिरोज लखारा ने बताया कि पार्टी का पूरा ध्यान जिताऊ और स्वच्छ छवि वाले प्रत्याशियों पर है। इसके लिए वार्ड स्तर पर जनता और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर फीडबैक जुटाया जा रहा है।


टिकट वितरण में पारदर्शिता और विकल्प बनाए रखने के लिए भाजपा ने एक विशेष व्यवस्था लागू की है। इसके तहत आवेदन करने वाले प्रत्येक इच्छुक उम्मीदवार को अपने फॉर्म में संबंधित वार्ड के तीन अन्य संभावित दावेदारों के नाम भी शामिल करने होंगे, ताकि मुख्य नाम पर सहमति न बनने या किसी तकनीकी कारण से नाम कटने की स्थिति में अन्य विकल्पों पर तुरंत विचार किया जा सके।
चुनावी रणनीति को धार देने के लिए भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक कल फुलवारी वाटिका में आयोजित होगी, जिसमें विधायक शंकरलाल डेचा, डूंगरपुर जिला अध्यक्ष अशोक रानोली, कनकमल कटारा और अनिता कटारा सहित वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और दिशा-निर्देश देंगे।



Post a Comment

और नया पुराने