सागवाड़ा : आगामी नगरपालिका चुनाव को लेकर भाजपा नगर मंडल की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न, बूथ मजबूती और 35 वार्डों की रणनीति पर मंथन


सागवाड़ा (एकता समाचार)। आगामी नगरपालिका चुनाव की तैयारियों को धार देने और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के उद्देश्य से भाजपा नगर मंडल सागवाड़ा की एक महत्वपूर्ण चुनावी बैठक विधायक कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में चुनावी रणनीति, वार्ड स्तर पर संगठन की सक्रियता और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। इस दौरान चुनाव तैयारियों को गति देते हुए सभी 35 वार्डों के लिए संयोजक एवं सह-संयोजक भी नियुक्त किए गए।



बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक रणोली ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आसपुर के पूर्व विधायक व चुनाव प्रभारी गोपीचंद मीणा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उदयपुर चुनाव प्रभारी व पूर्व कैबिनेट मंत्री कनकमल कटारा उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री कनकमल कटारा ने कहा कि चुनाव में बूथ स्तर का कार्यकर्ता संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होता है, इसलिए हर कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक पहुंचकर संगठन को सक्रिय और प्रभावी बनाना होगा। वहीं चुनाव प्रभारी गोपीचंद मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा 'सबका साथ, सबका विकास' के संकल्प के साथ राष्ट्र निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है और नगर निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही जीत की मजबूत नींव बनेगी। पूर्व विधायक अनीता कटारा ने मातृशक्ति की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप हर क्षेत्र में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी राष्ट्र व संगठन को नई मजबूती देती है।



इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष हरीश पाटीदार, पूर्व विधायक कांतिलाल डामोर, नारायण लाल दर्जी, नाना लाल दर्जी, हेमंत पाठक (दादा), निवर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष आशीष गांधी, जिला उपाध्यक्ष ताजेग पाटीदार, जिला मंत्री जवाहर भाटिया, पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष श्याम भट्ट, तिलकनंदी शाह, संगीता रोत, विजय कुमार जैन, आशा पाटीदार, हंसमुख पटेल, नगर महामंत्री कृष्णपाल सिंह चौहान (केपी सिंह), राधाकृष्ण टेलर, दिलीप मोड़ पटेल, विधानसभा विस्तारक भरत बारिया, मुकेश तिवारी सहित 35 वार्डों से पार्षद पद के दावेदार, महिला-पुरुष कार्यकर्ता और नगर मंडल पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



कार्यक्रम का कुशल संचालन नगर मंडल अध्यक्ष यशवंत गवारिया ने किया, जबकि अंत में जिला उपाध्यक्ष ताजेग पाटीदार एवं वरिष्ठ नेता हेमंत दादा ने सभी अतिथियों व कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी नगरपालिका चुनाव में भाजपा को विजय दिलाने का संकल्प दोहराया।




Post a Comment

और नया पुराने