राकेश जोशी बने राजस्थान फाउंडेशन के बहरीन चैप्टर की कार्यकारिणी के सदस्य, वागड़ समाज ने किया सम्मान


बांसवाड़ा/भीमसौर। वागड़ के लिए गौरव का विषय है कि बांसवाड़ा जिले के भीमसौर गांव निवासी राकेश जोशी को राजस्थान सरकार द्वारा प्रवासियों के लिए गठित राजस्थान फाउंडेशन के बहरीन चैप्टर की कार्यकारिणी में सदस्य मनोनीत किया गया है। उनकी इस उपलब्धि पर बहरीन में निवासरत वागड़ समाज में खुशी का माहौल है। 7 अगस्त 2026 को बहरीन में वागड़ समाज बहरीन की कोर कमेटी की ओर से राकेश जोशी का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारी एवं कोर टीम के सदस्य मौजूद रहे।
राजस्थान सरकार द्वारा विदेशों में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों से जुड़ाव मजबूत करने तथा उनके हितों और राजस्थान के विकास में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजस्थान फाउंडेशन का गठन किया गया है। इसके तहत भारत के साथ-साथ विदेशों में भी चैप्टर गठित किए जा रहे हैं। बहरीन चैप्टर की कार्यकारिणी में वागड़ क्षेत्र से राकेश जोशी का चयन क्षेत्र के लिए गौरव की बात मानी जा रही है। खास बात यह भी है कि राजस्थान फाउंडेशन बहरीन चैप्टर के अध्यक्ष रमेश भाई पाटीदार भी वागड़ क्षेत्र से ही हैं।


सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय हैं जोशी
राकेश जोशी मूल रूप से बांसवाड़ा जिले के भीमसौर गांव के निवासी हैं और एक दशक से अधिक समय से अपने परिवार के साथ बहरीन में रहकर रोजगार कर रहे हैं। नौकरी के साथ-साथ वे विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़े हुए हैं और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार से संबंधित गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभाते हैं।
वे बहरीन में प्रवासी भारतीयों की सहायता के लिए कार्य करने वाली विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं से भी जुड़े हैं। वर्तमान में वे भारत की अग्रणी स्वयंसेवी संस्था PLC (प्रवासी लीगल सेल) के सदस्य हैं। इसके अलावा वे राजस्थानी इन बहरीन से जुड़े हुए हैं तथा वागड़ समाज बहरीन के को-फाउंडर मेंबर भी हैं।



राकेश जोशी का राजस्थान फाउंडेशन के बहरीन चैप्टर की कार्यकारिणी में सदस्य मनोनयन वागड़ समाज के लिए विशेष उपलब्धि माना जा रहा है। विदेश की धरती पर रहते हुए समाजसेवा और सामाजिक उत्थान के कार्यों में सक्रिय योगदान देने वाले जोशी के चयन पर वागड़वासियों में हर्ष है।
सम्मान समारोह के दौरान वागड़ समाज बहरीन की पूरी कोर टीम उपस्थित रही और राकेश जोशी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

और नया पुराने