तृतीय श्रेणी संस्कृत अध्यापक भर्ती Level-2 : DV शेड्यूल जारी कराने की मांग को लेकर कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी को सौंपा ज्ञापन


सागवाड़ा | तृतीय श्रेणी अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा (संस्कृत शिक्षा) लेवल-2 का परिणाम जारी होने के दो महीने बीत जाने के बाद भी दस्तावेज सत्यापन (DV) प्रक्रिया शुरू नहीं होने से अभ्यर्थियों में लगातार रोष बढ़ता जा रहा है। इसी समस्या के समाधान की मांग को लेकर आज अभ्यर्थियों ने राजस्थान सरकार के जनजाति क्षेत्रीय विकास तथा गृह रक्षा विभाग के कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।


अभ्यर्थियों ने कैबिनेट मंत्री को अवगत कराया कि इस भर्ती परीक्षा का परिणाम गत 27 मई 2026 को ही घोषित कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद विभाग द्वारा अब तक DV का शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। राज्य में अन्य विभागों की भर्तियां तेज गति से प्रक्रियाधीन होकर अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं, जबकि इस भर्ती में बरती जा रही सुस्ती के कारण चयनित अभ्यर्थी रोजाना मानसिक तनाव झेलने को मजबूर हैं।
ज्ञापन के माध्यम से यह प्रमुख मांग उठाई गई है कि संस्कृत शिक्षा विभाग को त्वरित निर्देश देकर दस्तावेज सत्यापन का शेड्यूल जल्द से जल्द जारी करवाया जाए। साथ ही, DV प्रक्रिया को पूर्ण कर अंतिम परिणाम घोषित किया जाए ताकि चयनित अभ्यर्थियों को आगामी रोजगार मेले में सम्मिलित करते हुए नियुक्ति प्रदान की जा सके।


कैबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने अभ्यर्थियों की पूरी समस्या को गंभीरता से सुना और इस संबंध में उचित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है। इस दौरान अभ्यर्थियों ने अपनी इन मांगों की प्रतियां राज्य के मुख्य सचिव और शिक्षा मंत्री को भी प्रेषित की हैं, ताकि प्रशासनिक स्तर पर भी मामले का जल्द निस्तारण हो सके।




Post a Comment

और नया पुराने