रक्षाबंधन पर महिलाओं और बालिकाओं को राजस्थान रोडवेज बसों में दो दिन निशुल्क यात्रा


जयपुर। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम ने प्रदेश की महिलाओं और बालिकाओं को बड़ी सौगात दी है। निगम की ओर से 28 और 29 अगस्त 2026 को राजस्थान राज्य की सीमा में संचालित रोडवेज बसों में महिलाओं एवं बालिकाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
राजस्थान रोडवेज के प्रबंध निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा की ओर से जारी कार्यालय आदेश के अनुसार यह सुविधा वातानुकूलित, वोल्वो और अखिल भारतीय अनुज्ञा पत्रों पर संचालित बसों को छोड़कर निगम की अन्य सभी बसों में लागू रहेगी।


अग्रिम आरक्षण की भी सुविधा
इन दोनों दिनों में महिलाओं और बालिकाओं को निशुल्क यात्रा के लिए अग्रिम आरक्षण की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। परिचालक इलेक्ट्रॉनिक टिकट इश्यूइंग मशीन (E.T.I.M.) से निशुल्क टिकट जारी करेंगे। मशीन के काम नहीं करने की स्थिति में टिकट बुक से टिकट जारी किया जाएगा। टिकट पर “महिला/बालिका यात्री” के साथ यात्रा की तारीख अंकित की जाएगी।


राजस्थान की सीमा में ही मान्य होगी सुविधा
निगम के आदेश के मुताबिक निशुल्क यात्रा की सुविधा केवल राजस्थान राज्य की भौगोलिक सीमा के भीतर ही मान्य होगी। वातानुकूलित, वोल्वो एवं अखिल भारतीय अनुज्ञा पत्रों पर संचालित बसों में यह सुविधा लागू नहीं होगी।


वास्तविक संख्या का रिकॉर्ड रखा जाएगा
निशुल्क यात्रा करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं की वास्तविक संख्या का रिकॉर्ड भी निगम स्तर पर संधारित किया जाएगा, ताकि योजना के तहत यात्रियों की संख्या का विवरण उपलब्ध रहे।
इस फैसले से रक्षाबंधन पर अपने परिवारों से मिलने के लिए यात्रा करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को बड़ी राहत मिलेगी।

Post a Comment

और नया पुराने